Menu Close

रक्षाबन्धन पर विश्व हिंदू परिषद पहुंची पीडितों के द्वार, पाक हिन्दुओं को बांधे रक्षा सूत्र

भाद्रपद कृष्ण पक्ष प्रतिपदा, कलियुग वर्ष ५११६


नई दिल्ली – रक्षा बन्धन के पावन पर्व पर जहां प्रत्येक बहिन अपने भाई की कलाई में रक्षा सूत्र बांध कर रक्षा का वचन ले रही है वहीं, विश्व हिन्दू परिषद ने पाकिस्तान से आए पीडित हिन्दू परिवारों के बीच पहुंच रक्षा सूत्र बांधा, मिठाई, वस्त्र, बर्तन और गैस के चूल्हे वितरित किए। आज दुर्गा वाहिनी की बहिनों ने उनको राखी बांध कर मिठाई खिलाई तो विश्व हिन्दू परिषद् के प्रान्त धर्म प्रसार प्रमुख श्री राजेंद्र मोहन वशिष्ट व भगिनी निवेदिता सेवा न्यास के महा मंत्री श्री महा वीर प्रसाद ने उन्हें नवीन वस्त्र, राशन, गैस के चूल्हे व सिलेण्डर वितरित कर उनके भोजन का प्रबन्ध किया। इसके अलावा दक्षिणी दिल्ली के महरोली क्षेत्र में दुर्गा वाहिनी की बहिनों ने पुलिस अधिकारियों को राखी बांधी।

विस्तृत जानकारी देते हुए विश्व हिन्दू परिषद दिल्ली के प्रवक्ता श्री विनोद बंसल ने बताया कि भाई बहिन के पवित्र बंधन का प्रतीक रक्षा बन्धन पर्व आज विहिप कार्यकर्ताओं, दुर्गा वाहिनी की बहिनों तथा सामाजिक संगठनों ने पाकिस्तान से त्रस्त होकर आये नए १६ हिन्दू परिवारों के बीच मनाने का निश्चय किया। रोहिणी के सेक्टर ग्यारह में गत माह ही पहुंचे इन परिवारों के ९० लोगों के बीच विहिप कार्यकर्ता जब रोली, चावल, राखी व मिठाई लेकर पहुंचे तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पाकिस्तान से आए अधिकांश बच्चे इस त्योहार से लगभग अनभिज्ञ थे क्योंकि वहां इस प्रकार के हिन्दू पर्वों को मनाने पर अनेक अघोषित प्रतिबन्ध हैं। अधिकांश भाइयों ने पहली बार अपनी कलाई पर राखी देखी तो वे खुशी से झूम उठे। विश्व हिन्दू परिषद ने सभी हिन्दू बहिन भाइयों के सुन्दर भविष्य की कामना करते हुए उनकी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने हेतु उनके लिए नवीन वस्त्र, राशन, गैस सिलिंडर व चूल्हे आदि का प्रबन्ध भी किया।

इस पुण्य कार्य में विश्व हिन्दू परिषद् के विभाग संरक्षक श्री राम कृष्ण चौधरी, उत्तरी दिल्ली के मंत्री श्री मेवा राम, समाज सेवी श्री ईश कुमार, दशहरा कमेटी जनक पुरी के कोषाध्यक्ष श्री प्रदीप चौधरी तथा व्यवसायी श्री अरुण अग्रवाल के अलावा भगिनी निवेदिता सेवा न्यास की बहिन कु अर्चना भी सहभागी थी।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *