Menu Close

मुंबई पुलिस को ‘इंडियम मुजाहिदीन’ की धमकी, कहा ‘‘बच सकते हो तो बच लो’’

श्रावण शुक्ल पक्ष प्रतिपदा, कलियुग वर्ष ५११६

मुंबई – फलस्तीन पर इजरायली हमले का बदला मुंबई में लेने की धमकी एक पत्र लिखकर मुंबई पुलिस को दी गई है। पत्र मिलने के बाद महानगर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

मुंबई के पुलिस आयुक्त राकेश मारिया के अनुसार, डाक से भेजा गया एक पत्र २५ जुलाई को मुंबई पुलिस मुखयालय को मिला है। सिर्फ एक पेज के इस पत्रमें लिखा है कि हम गाजा का बदला लेंगे। १९९३ में तो तुम बच गए थे, इस बार नहीं बचोगे। हमें रोक सको तो रोक लो। हिंदी और अंग्रेजी में लिखे गए इस पत्र में भेजने वाले का नाम सिर्फ मुजाहिदीन लिखा है। पत्रमें मुंबई शहर को आतंकी हमले का निशाना बनाने की धमकी दी गई है।

गौरतलब है कि अयोध्या में बाबरी ढांचा ढहाए जाने के बाद १२ मार्च, १९९३ को मुंबई में सिलसिलेवार १३ विस्फोट किए गए थे। उनमें २५७ लोगों की जान गई थी और करीब ७५० घायल हुए थे।

मारिया के अनुसार, पुलिस इस पत्रकी सत्यता जांच रही है। मुंबई के सभी पुलिस थानों को सतर्क रहने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। बता दें कि मुंबई १९९३ से लेकर २०१३ तक २० वर्षो में करीब एक दर्जन छोटे-बड़े आतंकी हमलों का शिकार हो चुकी है। अगले महीने से ही मुंबई में गोविंदा, गणपति उत्सव और नवरात्रि जैसे त्योहार शुरू हो जाएंगे। इन त्योहारों में पूरा महानगर उत्साह के साथ सड़कों पर उतरा दिखाई देता है। पुलिस को मिले पत्र में १९९३ के जिस आतंकी हमले का जिक्र किया गया है, उसकी जांच मुंबई के वर्तमान पुलिस आयुक्त राकेश मारिया ने ही पुलिस उपायुक्त के रूप में की थी। जिसमें भगोड़े माफिया सरगना दाऊद इब्राहिम के कई लोगों को फांसी और उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है।

स्त्रोत : दैनिक जागरण

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *