आषाढ शुक्ल पक्ष त्रयोदशी, कलियुग वर्ष ५११६
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की लापरवाही !
बवानीखेड़ा (हरियाणा) : ‘दूसरों को नसीहत खुद मियां फजीहत’ वाली कहावत हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड पर स्टीक बैठती नजर आ रही है। शिक्षा बोर्ड द्वारा १० वी कक्षा की १४ वर्ष की लड़की को ११४ वर्ष की दिखा सभी को हैरानी में डाल दिया है। अब इसे ठीक करवाने के लिए परिजनों को बोर्ड के चक्कर काटने पड़ेगें। जानकारी देते हुए राजेश कुमार निवासी कुंगड़ ने बताया कि उसकी बहन ज्योति की जन्मतिथि २५ जून २००० है जिसने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुंगड़ विद्यालय से रोल नं. २२१३४३९४३१ के तहत हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के आधीन १० वीं कक्षा की परीक्षा दी थी जिसमें उसने ०६.४० ग्रेड हासिल की।
जब उसकी १० वीं कक्षा की मार्कशीट विद्यालय में आई तो उसमें उसकी बहन ज्योति की जन्मतिथि २५ जून १९०० मिली। जिसे देखकर पूरे परिवार को झटका लगा। इतना ही नहीं उसकी बहन ज्योति इसे देखकर अचेत होकर गिर पड़ी। वहीं ज्योति ने बताया कि शिक्षा बोर्ड का यह कारनामा बहुत ही भयावह है। जहां वह १४ वर्ष है लेकिन शिक्षा बोर्ड के कारनामें से वह ११४ वर्ष की हो गई है। बोर्ड की इस गलती से उन्हें अब बोर्ड के चक्कर काटने के लिए भटकना होगा।
स्त्रोत : हरिभूमि








