
पेरिस में बुधवार को एक बार फिर आतंकवादी आक्रमण हुआ। शहर के उत्तरी इलाके सेंट डेनिस में चलाए जा रहे ऑपरेशन के दौरान पुलिस का सामना आतंकियों से हो गया। एक अपार्टमेंट में पांच आतंकवादी छिपे थे। दोनों ओर से भारी गोलीबारी हुई। इसके बाद सेना को भी बुलाया गया। मुठभेड में तीन लोगों की मौत हुई। मरने वालों में एक महिला आतंकी है। उसने खुद को उडा लिया। सात लोग बन्दी बनाए गए है ।
आतंकियों ने पुलिस के एक खास खोजी कुत्ते को भी मार दिया। इस कुत्ते को विस्फोटकों का पता लगाने के लिए खास तौर पर ट्रेनिंग दी गई थी। इस कुत्ते का नाम डीजल बताया गया है। वह बेल्जियन मैलिनोइस नस्ल का था। उसकी उम्र सात साल थी। बीते शुक्रवार को पेरिस में एक कंसर्ट हॉल में आतंकियों ने आक्रमण कर करीब १३० लोगों की जान ले ली थी। इसके बाद से ही पुलिस ने आतंकियों के खिलाफ बड़ा अभियान चला रखा है। आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले भी किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार को जहां मुठभेड हुई, वहां एक अपार्टमेंट में शुक्रवार के हमले का मास्टरमाइंड छिपा था। सात घंटे चली मुठभेड के बाद ऑपरेशन तो खत्म हो गया, लेकिन पुलिस ने यह नहीं बताया कि मास्टरमाइंड उसके हाथ लगा या नहीं।
![]()
मास्टरमाइंड अौर महिला फिदायीन के बारे में सन्देह कायम
- कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि पेरिस पुलिस और एलिट फोर्स की जवाबी कार्रवाई में अबाऔदा मारा गया। पेरिस हमलों के ५ दिन के अंदर ही फ्रांस ने मास्टरमाइंड अब्देलहामिद को खत्म कर दिया।
- यह भी कहा जा रहा है कि जिस इमारत पर कार्रवाई की गई वहां टारगेट तो अब्देलहामिद ही था, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है कि, वह इमारत के अंदर उपस्थित था या नहीं।
- वहीं, एनडीटीवी की खबर के अनुसार फ्रांस के दिल्ली में उपस्थित एंबेसेडर फ्रांसिओस रिचीअर ने कहा कि, ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि सेंट डेनिस में कार्रवाई के दौरान मास्टरमाइंड अब्देलहामिद ने खुद को उडाकर जान दे दी।
- इस बीच, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि, सेंट डेनिस में पुलिस कार्रवाई में खुद को उड़ा देने वाली महिला फिदायीन मास्टरमाइंड अब्देलहामिद की बीवी हो सकती है। लेकिन यह भी बताया जा रहा है कि वह अब्देलहामिद की बहन थी। अब्देलहामिद ने उसी के घर में पनाह ले रखी थी।
स्त्रोत : जनसत्ता








