Menu Close

गोवामें २० जूनसे सात दिवसीय तृतीय अखिल भारतीय हिन्दू अधिवेशन !

अाषाढ कृष्णपक्ष ५, कलियुग वर्ष ५११६

देश-विदेशके १२५ से अधिक हिन्दू संगठनोंका सहभाग !

पणजी (गोवा) : हिन्दू धर्मविरोधी षड्यंत्र और हिन्दू धर्मियोंपर हो रहे अन्याय एवं अत्याचारोंका प्रभावीरूपसे प्रतिकार करनेके साथ-साथ हिन्दुओंकी सर्व समस्याओंपर एकमात्र उपाय, हिन्दू राष्ट्र-स्थापनाके लिए अखिल भारतीय हिन्दू अधिवेशन आयोजित किया गया है । २० जून से २६ जूनके कालखण्डमें होनेवाला यह सात दिवसीय अधिवेशन फोंडाके श्री रामनाथ देवस्थानके विद्याधिराज सभागृहमें होनेवाला है, ऐसी जानकारी हिन्दू जनजागृति समितिके राष्ट्रीय मार्गदर्शक पू. डॉ. चारुदत्त पिंगळेजीने यहांकी एक पत्रकार परिषदमें दी । इस समय शिवसेनाके गोवा राज्यप्रमुख श्री. रमेश नाईक, हिन्दू महासभाके गोवा राज्यप्रमुख श्री. शिवप्रसाद जोशी, सनातन संस्थाके प्रवक्ता श्री. संदीप शिंदे और हिन्दू विधिज्ञ परिषदके गोवा राज्य सचिव श्री. नागेश ताकभाते उपस्थित थे । इस समय पू. डॉ. पिंगळेजीने कहा, भारतको हिन्दू-राष्ट्र उद्घोषित करनेके लिए हिन्दुत्वनिष्ठ संगठनों और संप्रदायोंको एक व्यासपीठपर लाना, यही इस अधिवेशनका प्रमुख उद्देश्य है । इस अधिवेशनमें भारतके २० राज्योंसहित नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका और अमेरिका आदि देशोंके १२५ से अधिक हिन्दू संगठनोंके ३६० प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे । इतनी भारी संख्यामें हिन्दुत्वनिष्ठ संगठनोंका एक ही व्यासपीठपर आना, यह एक ऐतिहासिक घटना है । इनमें प्रमुखरूपसे १२५ हिन्दुत्वनिष्ठ संगठनोंके २८५ पदाधिकारी, ६० अधिवक्ता और १५ विचारक समाविष्ट हैं ।

हिन्दू धर्म और धर्मियोंके हितकी रक्षाके लिए विविध सत्रोंका आयोजन !

इस अधिवेशनमें हिन्दू और धर्मियोंके हितकी रक्षाके लिए विविध विषयोंपर चर्चा की जाएगी । रामसेतु, देवनदी गंगा आदि हिन्दू मानबिन्दुओंकी रक्षा, गोपालन और गोरक्षा, मन्दिरसंस्कृतिकी रक्षा और संवर्धन, पाश्‍चात्त्य संस्कृतिका प्रतिकार, संकटग्रस्त हिन्दुओंका पुनर्वास, हिन्दू समाजके लिए स्वरक्षा प्रशिक्षण, प्राकृतिक आपदाओंमें हिन्दुओंके लिए सहायता कार्य, हिन्दुओंके मानवाधिकारोंकी रक्षा, पाकिस्तान और बांग्लादेशसे भारतमें आए शरणार्थी हिन्दुओंको नागरिकत्व मिलना, श्रीलंकाके तमिल हिन्दुओंकी सुरक्षा, नेपालमें हिन्दू राष्ट्रका पुनर्निर्माण, हिन्दुओंमें धर्मजागृति, सम्पूर्ण विश्‍वमें हिन्दू धर्मका प्रसार आदि विविधांगी विषयोंपर चर्चासत्र और उद्बोधनसत्र इस अधिवेशनमें होंगे ।

HinduJagruti.org पर लाईव स्ट्रीमिंगद्वारा ऑनलाइन प्रसारण !

सम्पूर्ण विश्‍वके हिन्दुओंको अखिल भारतीय हिन्दू अधिवेशनके अन्तर्गत राष्ट्र और धर्मके हित सम्बन्धी विचारोंका लाभ लेना संभव हो, इसलिए अधिवेशनके महत्त्वपूर्ण सत्र www.HinduJagruti.org/summit/english.php इस हिन्दू जनजागृति समितिके वेबसाईटकी मार्गिकापर सीधे प्रक्षेपित किए जानेवाले हैं । यह ऑनलॉइन प्रक्षेपण प्रतिदिन सवेरे १०.०० से १२.३० और सायंकालमें ५.०० से ८.३० की कालावधिमें किया जाएगा ।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *