Menu Close

कश्मीरी पंडितों पर लाठीचार्ज, कई हुए जख्मी

ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष नवमी, कलियुग वर्ष ५११६

lathicharge on kashmiri pandits

पाकिस्तान कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) स्थित प्रतिष्ठित शारदा पीठ मंदिर को खुलवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे कश्मीरी पंडितों पर लाठीचार्ज किया गया। इसमें कई लोग जख्मी हो गए।

प्रदर्शनकारियों ने जब पुलिस का घेरा तोड़कर प्रेस कालोनी से लाल चौक की ओर बढ़ने का प्रयास किया, तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें रोका।

ऑल पार्टीज माइग्रेंट कोआडिनेशन कमेटी के अध्यक्ष विनोद पंडिता ने पुलिसिया लाठीचार्ज में कुछ लोगों के घायल होने का आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस ने इससे से इंकार किया है।

यह घटना ऐसे समय में हुई, जब केंद्र सरकार विस्थापित कश्मीरी पंडितों को वापस घाटी में भेजने की योजना बना रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बाकायदा इस योजना पर काम शुरू कर दिया है।

कश्मीरी पंडित संघर्ष समिति, ऑल पार्टीज माइग्रेंट को-ऑर्डिनेशन कमेटी और कई अन्य संगठनों द्वारा आहूत ‘लाल चौक चलो’ के तहत बड़ी संख्या में कश्मीरी पंडित बुधवार को श्रीनगर पहुंचे।

जब कश्मीरी पंडित नारेबाजी करते हुए लाल चौक की ओर बढ़ रहे थे तो पुलिस ने उन्हें पहले बलपूर्वक रोकने का प्रयास किया। लेकिन उनके पीछे न हटने पर पुलिस ने लाठियां बरसाईं।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द न मानी गई तो 17 अगस्त को जन्माष्टमी के दिन भूख हड़ताल करेंगे।

स्त्रोत : अमर उजाला

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *