Menu Close

आइएनएस विक्रमादित्य पर उतरने के दौरान मिग २९ के को क्षति !

ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष ८, कलियुग वर्ष ५११६ 


नई दिल्ली : गोवा के तट से कुछ दूर अरब सागर में अभियान के दौरान विमान वाहक पोत आइएनएस विक्रमादित्य पर उतरने के दौरान नौसेना के लड़ाकू विमान मिग २९के को नुकसान पहुंचा है।

नौसेना के एक अधिकारी ने बताया कि रूसी मूल के इस विमान ने बुधवार को गोवा में नौसैन्य हवाई ठिकाने आइएनएस हंसा से उड़ान भरी थी और विमान वाहक पोत पर उतरते हुए उसके आगे की तरफ के निचले हिस्से को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि विमान का चालक सुरक्षित है और नुकसान के ब्यौरे का आकलन किया जा रहा है।

नौसेना ने विमान वाहक पर हुई इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं। यह विमान वाहक पोत पिछले साल के अंत में रूस से १५ हजार करोड़ रुपये की कीमत पर प्राप्त किया गया था।

नौसेना के अधिकारियों ने कहा कि ४४,५००  टन के लड़ाकू विमान वाहक पोत पर हुए इस हादसे में विमान का चालक विमान उतारने में मदद करने वाली पहली दो अरेस्टर तारों का इस्तेमाल करने से चूक गया और उसने जब दोबारा विमान उड़ाने की कोशिश की तो विमान तीसरी अरेस्टर वायर में फंस गया और लैंडिंग उतनी सुगम नहीं हुई।

भारत ने मिग २९के रूस से प्राप्त किए हैं और भारत एकमात्र ऐसा देश है जो इन दो इंजन वाले नौसैन्य लड़ाकू विमानों का संचालन करता है। भारत ने ऐसे ४५  विमानों का ऑर्डर दिया है और इन विमानों से जुड़ी यह पहली दुर्घटना है।

स्त्रोत :जागरण 

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *