Menu Close

केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे की सड़क हादसे में मौत

ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष ५, कलियुग वर्ष ५११६

नई दिल्ली : नरेंद्र मोदी सरकार में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गोपीनाथ मुंडे का मंगलवार सुबह दिल्ली में एक सड़क हादसे के बाद दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। मुंडे को हादसे के बाद एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां सुबह सात बजकर 20 मिनट पर इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद एम्स पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन और भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मीडिया को मुंडे के निधन की खबर दी। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंडे के निधन पर दुख जताया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि वह अपने मित्र और साथी गोपीनाथ मुंडे की मौत से बेहद दुखी और स्तब्ध हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि गोपीनाथ मुंडे का निधन देश और सरकार के लिए बड़ी क्षति है। मोदी ने लिखा है 'गोपीनाथ मुंडे जी एक जननेता थे। समाज के पिछड़े हिस्से से आने वाले मुंडे ऊंचाइयों तक पहुंचे और बिना थके लोगों की सेवा करते रहे।'

नितिन गडकरी ने मुंडे के निधन की खबर देते हुए बताया कि उन्हें हादसे के बाद पहले सफदरजंग हॉस्पिटल लाया गया था। इसके बाद उन्हें एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। गडकरी ने बताया कि हादसे में मुंडे को कोई गंभीर चोट तो नहीं आई, लेकिन दिल का दौरा पड़ने से उनकी हालत बिगड़ गई। गडकरी ने बताया कि मुंडे के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद बीजेपी कार्यालय में दर्शनों के लिए रखा जाएगा।

हादसे के बाद हार्ट अटैकः एम्स के डॉक्टरों ने मेडिकल बुलेटिन जारी कर बताया कि गोपीनाथ मुंडे को सुबह साढ़े 6 बजे उनके पर्सनल असिस्टेंट और ड्राइवर एम्स ट्रॉमा सेंटर में लेकर आए थे। उनके हिसाब से गोपनाथ मुंडे की कार को 10 मिनट पहले किसी कार ने टक्कर मारी थी। इस हादसे के बाद वह कार में बेहोश हो गए थे। उन्हें जब ट्रॉमा सेंटर लाया गया तो उनका कोई ब्लड प्रेशर नहीं था, उनकी सांसें नहीं चल रही थीं और दिल की धड़कनें भी रुकी हुई थीं। 50 मिनट तक उनका इलाज किया गया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। सात बजकर 20 मिनट पर उन्हें मृत घोषित किया गया।

कैसे हुआ हादसाः मंगलवार सुबह करीब 6 बजे गोपनाथ मुंडे मुंबई जाने के लिए आईजीआई एयरपोर्ट के लिए घर से निकले थे। पृथ्वीराज रोड पर अरिवंदो चौक के पास उनकी कार को एक इंडिका कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में मुंडे को कोई गंभीर चोट तो नहीं आई, लेकिन उनको दिल का दौरा पड़ गया। उन्हें तुरंत एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

टक्कर मारने वाली कार का ड्राइवर अरेस्टः पुलिस ने इस हादसे के बाद टक्कर मारने वाली इंडिका कार के ड्राइवर को अरेस्ट कर लिया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि उससे हादसे के बारे में पूछताछ की जा रही है।

स्त्रोत : नवभारत टाइम्स

 

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *