Menu Close

बीजापुर में तनाव, भाजपा के विजय जुलूस पर पथराव

ज्येष्ठ कृष्णपक्ष १४, कलियुग वर्ष ५११६

बीजापुर : प्रधानमंत्री के नरेंद्र मोदी के शपथ लेने के बाद सोमवार शाम भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं की ओर से निकाले गए विजय जुलूस पर पथराव के बाद स्थिति तनाव हो गई। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। प्रभावित व संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ ही धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा भी लगा दी गई है।

पथराव की खबर आग की तरह फैलते ही शहर भर की दुकानें बंद हो गई और लोग सड़क पर उतर आए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने हालात पर नियंत्रण पा लिया था। 

जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की बाइक रैली जब शहर के सिद्धेश्वर मंदिर से गांधी चौक के निकट पहुंची तभी कुछ शरारती तत्वों ने रैली पर पथराव कर दिया। इससे करीब 20 दुपहिया और एक कार को क्षतिग्रस्त हो गई। पथराव की घटना की खबर लगते ही स्थानीय विधायक डॉ. मकबूल बागवान घटनास्थल पर पहुंचे और शांति की अपील की। 

बीजापुर की अपर उपायुक्त कविता अन्नीगेरी, पुलिस उपाधीक्षक जीरागल मौके पर पहुंचे और शांति की अपील की। इसके बाद भी पथराव जारी रहा। बाद में हालात को नियंत्रण करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने बताया कि हालात पर नियंत्रण में हैं। शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इस संबंध में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। यादगीर दौरे पर गए जिला प्रभारी मंत्री एम.बी.पाटिल ने इलाके का दौरा किया। रैली का नेतृत्व भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व रेल राज्य मंत्री बसनगौड़ा पाटिल यत्नाल कर रहे थे।

पुलिस महानिरीक्षक भास्कर राव ने बताया कि जिले के पुलिस अधीक्षक अवकाश पर थे, इसलिए स्थिति को नियंत्रण करने में थोड़ा वक्त लगा। फिलहाल, स्थिति नियंत्रण में है। अगले तीन दिन के लिए इलाके में धारा-144 लगा दी गई है। मंगलवार दोपहर 12 बजे एक बैठक होगी, जिसमें सभी धर्म के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। 40 दुपहिया वाहन व एक कार को क्षति पहुंची है। बागलकोट के पुलिस अधीक्षक को स्थिति पर नजर बनाए रखने को कहा गया है। 

स्त्रोत : राजस्थान पत्रिका 

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *