Menu Close

केदारनाथ : यात्रियों की संख्या बढ़ी, कम पड़े इंतजाम

ज्येष्ठ कृष्ण पक्ष ८/९, कलियुग वर्ष ५११६

रुद्रप्रयाग : केदारनाथ के दर्शनों के इच्छुक तीर्थ यात्रियों की बढ़ती संख्या ने प्रशासन की परेशानियां बढ़ा दी है। बाबा के दर्शन को जाने के लिए रजिस्ट्रेशन करने वालों भक्तों की संख्या बढ़ गई है। इसके चलते केदारनाथ जाने के लिए सोनप्रयाग में यात्रियों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।

केदारनाथ में मौसम ठीक होने पर विभिन्न प्रदेशों से बड़ी संख्या में भक्त दर्शनों के लिए केदारघाटी पहुंच रहे हैं। सोनप्रयाग, गुप्तकाशी, ऋषिकेश आदि स्थानों पर अपना रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं। प्रतिदिन रजिस्ट्रेशन करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है, यह संख्या प्रतिदिन १००० से अधिक पहुंच रही है, जबकि प्रशासन अभी प्रतिदिन ७५० यात्रियों को ही सोनप्रयाग से आगे जाने की अनुमति दे रहा है। इसमें २५० यात्री गौरीकुंड तक ही जाएंगे और इससे आगे पांच सौ यात्री जा सकेंगे। विभिन्न स्थानों पर रजिस्ट्रेशन करने के बाद यात्री सोनप्रयाग पहुंच रहे हैं, लेकिन यहां पर संख्या मानक से अधिक होने से आगे जाने की अनुमति प्रशासन से नहीं दी जा रही है।

प्रशासन ने लिनचौली एवं केदारनाथ में बैस कैंपों की स्थापना की है। जहां लगभग ५०० यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था है। अभी केदारनाथ पैदल मार्ग पर यात्रियों के रहने के लिए प्रीफेब्रिकेट हटों का निर्माण नहीं हो पाया है। इनका निर्माण होने पर केदारनाथ जाने वाले यात्रियों की संख्या प्रतिदिन एक हजार से अधिक की जाएगी।

स्त्रोत : दैनिक जागरण

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *