ज्येष्ठ कृष्ण पक्ष द्वितिया, कलियुग वर्ष ५११६
बोको हरम को लेकर ग्रामीणों में इस कदर गुस्सा व्याप्त है . . . !
|
अबुजा (नाइजीरिया) : उत्तरी नाइजीरिया में ग्रामीणों के सब्र का बांध टूटता नजर आ रहा है। खबर है कि गांववालों ने इस्लामी चरमपंथी समूह बोको हरम के २०० आतंकियों को मार गिराया है। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने बोको हरम से डटकर मुकाबला किया। जानकारी के मुताबिक, गांव वालों ने पहले से ही इसकी तैयारी कर रखी थी। ये खूनी संघर्ष बॉर्नो राज्य के काला-बाल्ज इलाके में बुधवार को हुई है। गौरतलब है कि नाइजीरिया के बोर्नो प्रांत में बोको हरम के हमलों से तंग आकर तीन गांव के लोगों ने सतर्कता समितियां बनाई हैं।
चश्मदीद के मुताबिक, "स्थानीय लोगों ने आतंकियों से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली थी। निगरानी समूह के लोगों को हमले की सूचना पहले ही मिल गई थी।" चश्मदीद ने बताया, "खूनी संघर्ष के बाद पूरे इलाके में शव बिखरे पड़े हैं।" साथ ही कहा, "एक गांव में ५० शव देखे गए, जबकि १५० शव दूसरे गांव में मिले हैं।"
आपको बता दें कि इस दौरान गांववालों ने आतंकियों से तीन कार व सैन्य वाहन तक छीन लिए। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बोको हरम को लेकर ग्रामीणों में किस कदर गुस्सा व्याप्त है।
|
नाइजीरिया अगवा लड़कियों की रिहाई के मामले में बोकोहरम के बातचीत करने के लिए राजी हो गया है। नाइजीरिया के मंत्री तामिनु तुराकी ने इस बात की जानकारी दी। स्कूल से अगवा की गईं २२३ लड़कियां अब भी बोको हरम के कब्जे में हैं।
तुराकी ने कहा कि नाइजीरिया विद्रोहियों से बात करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार लड़कियों के अपहरण के लेकर किसी भी मुद्दे पर बात करने के लिए राजी है, क्योंकि वो ये नहीं जताना चाहते हैं कि लड़कियों का अपहरण उनके लिए कोई मुद्दा नहीं है। वहीं, अमेरिका के सर्विलांस और टोही विमान लड़कियों की खोज में लगे हैं।
सरकारी सूचना एजेंसी के डायरेक्टर माइक ओमरी ने कहा कि सरकार लड़कियों को छुड़ाने के लिए किसी भी तरह की कार्रवाई का इस्तेमाल करेगी। उन्होंने चेताया कि विदेशी मदद से सैन्य ऑपरेशन चलाया जाना भी संभव है। उन्होंने कहा कि इस मौके पर सरकार ने सभी तरह के विकल्प खोल रखे हैं और दुनिया भर के तमाम हिस्सों से विशेषज्ञों की सलाह ली जा रही है।
|
आतंकवादी संगठन बोको हरम द्वारा किडनैप की गई २०० से ज्यादा स्कूली छात्राओं को ढूंढने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। किडनैप की गई लड़कियों का पता लगाने के लिए अमेरिका ने खुफिया निगरानी वाले विमान तैनात किए हैं।
अमेरिकी प्रशासन के सीनियर ऑफिसर के मुताबिक, नाइजीरियाई सरकार को वहां की सैटेलाइट तस्वीरें भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। अमेरिकी विदेश विभाग ने कल कहा था कि उनका देश नाइजीरियाई सरकार और अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ मिलकर छात्राओं को ढूंढने के लिए अभियान चलाने में मदद करेगा।
गौरतलब है कि नाइजीरिया के उत्तर पूर्वी प्रांत बोर्नो के चिबुक से १४ अप्रैल को बोको हराम द्वारा अपहरण किए गए २०० से ज्यादा छात्राओं की ढूंढने के लिए अमेरिका ने सेना और विशेषज्ञों की टीम भी भेजी है।
|
बोको हरम द्वारा जारी किए गए नए वीडियो में संगठन के मुखिया अबुबकर शेकू ने अपने साथियों की रिहाई की मांग की है। अबुबकर ने वीडियो के जरिए कहा कि २०० स्कूली छात्राओं को तब तक नहीं छोड़ा जाएगा, जब तक सरकार उनके साथियों को रिहा नहीं करेगी।
बोको हरम के कई लड़ाके नाइजीरिया, नीगर और कैमरून की जेलों में बंद हैं, जिनमें संगठन के कमांडर्स भी शामिल हैं।
तकरीबन एक साल पहले, बोको हरम आतंकियों ने कैमरून बॉर्डर पर स्थित बामा शहर पर हमला कर दिया था। आतंकियों ने पुलिस स्टेशन, आर्मी बैरक और जेल की इमारत पर भी हमला किया था। ७ मई, २०१३ की इस घटना में १०० से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। आतंकियों ने जेल में बंद १०० आतंकियों को छुड़वा लिया था।
इस घटना में उन्होंने कई महिलाओं और बच्चों को भी किडनैप कर लिया था।
बामा शहर पर किए इस हमले के बाद अबुबकर शेकू का बंधकों के साथ एक वीडियो भी आया था। वीडियो में उसने चेतावनी दी थी कि अगर नाइजीरियाई सिक्युरिटी फोर्स उनकी महिलाओं और बच्चों को नहीं छोड़ेगी तो बंधक बनाए गए नागरिकों को भी नहीं छोड़ा जाएगा।
स्त्रोत : दैनिक भास्कर