Menu Close

बोको हरम का विडियो, लड़कियों के इस्लाम कबूलने का दावा !

वैशाख शुक्ल पक्ष १४, कलियुग वर्ष ५११६ 


लागोस : नाइजीरिया के उग्रवादी संगठन बोको हरम ने सोमवार को नया विडियो जारी करके अगवा लड़कियों को दिखाने का दावा किया। इस विडियो में बताया गया है कि इन सभी लड़कियों ने इस्लाम कबूल कर लिया है और उन्हें तब तक रिहा नहीं किया जाएगा, जब तक कि सभी कैद उग्रवादियों को रिहा नहीं किया जाता।

१७ मिनट के इस विडियो में बोको हरम के नेता अबू बकर शेकू की जुबानी सारे दावे सुनाए और दिखाए गए हैं। विडियो के आखिर में हिजाब से पूरे शरीर को ढके १३० लड़कियों को दिखाया गया है, जो किसी अनजान ग्रामीण इलाके में रखी गई हैं।

गौरतलब है कि बोर्नो राज्य के पूर्वोत्तर में स्थित चिबोक कस्बे के बोर्डिंग स्कूल से १४ अप्रैल को २७६ लड़कियों को अगवा किया गया था, जिनमें से ज्यादातर ईसाई समुदाय से हैं। अगवा लड़कियों में से ५३ किसी तरह भागने में कामयाब रहीं, लेकिन २२३  अब भी लापता हैं। पहले भी बोको हरम के नेता का विडियो आया था, जिसमें उसने अगवा लड़कियों को बेचने की घोषणा की थी।

उग्रवादियों के संपर्क में सरकार

अगवा लड़कियों को छुड़ाने के लिए नाइजीरिया की सरकार अप्रत्यक्ष तौर पर बोको हरम उग्रवादियों के संपर्क में है। बताया जा रहा है कि उग्रवादियों ने लड़कियों को भागने से रोकने के लिए बारूदी सुरंगें और खुफिया पिंजरे बिछा रखे हैं। इसी क्रम में उग्रवादियों ने किसी भी तरह के संपर्क से बचने के लिए चाड और कैमरून सीमा पर बने अहम पुलों को भी नष्ट कर दिया है। बचाव अभियान खासकर सांबिसा जंगलों के इर्द-गिर्द फोकस किया गया है। कुछ लड़कियों के सीमा पर भागने की भी सूचना है। माना जाता है कि इन्हें चार अलग-अलग समूहों में रखा गया है।

अंतरराष्ट्रीय कोशिशें और तेज

लापता नाइजीरियाई छात्राओं को ढूंढने के लिए अंतरराष्ट्रीय कोशिशों में और तेजी आई है। पड़ोसी देश चाड, कैमरून और नाइजर सैटलाइट इमेज मुहैया करा रहे हैं। ब्रिटेन, अमेरिका और फ्रांस के सिक्यॉरिटी एक्सपर्ट भी इसमें नाइजीरिया की मदद कर रहे हैं। इसके लिए कई टीमें और उपकरण वहां भेजे जा चुके हैं। अब इस कोशिश में इस्राइल भी शामिल हो गया है। नाइजीरियाई राष्ट्रपति गुडलक जोनाथन ने रविवार को इस्राइल के प्रधानमंत्री से बात की।

अमेरिकी सैनिक बचाव अभियान से दूर

अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा ने अगवा लड़कियों को अपनी बेटियों जैसा जरूर बताया है, लेकिन अमेरिका का कहना है कि हमारे सैनिक किसी भी बचाव अभियान से दूर रहेंगे। इस बीच, अजरबेजान दौरे पर आए फ्रांसिसी राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने कहा कि 'देशों के मान जाने पर' पश्चिमी अफ्रीका में बोको हरम पर केंद्रित सुरक्षा सम्मेलन जल्द किया जा सकता है। इन लड़कियों को ढूंढने में हो रही देरी के कारण नाइजीरियाई सरकार की आलोचना हो रही है। एमनेस्टी इंटरनैशनल ने दावा किया है कि सेना ने इस अपहरण की चेतावनी पहले ही दी थी। चीन ने भी मदद का प्रस्ताव दिया है।

स्त्रोत : नवभारत टाइम्स 

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *