Menu Close

कश्मीर का गलत नक्शा दिखाने से नाराज भारत ने अल-जजीरा पर लगाया पांच दिन का बैन

नई दिल्ली : कश्मीर राज्य का गलत नक्शा दिखाने के कारण अंग्रेजी न्यूज चैनल ‘अल-जजीरा’ को भारत में पांच दिनों के लिए ऑफ एयर (प्रसारण बंद) कर दिया गया है। न्यूज चैनल लगातार कश्मीर का गलत नक्शा दिखा रहा था, जिससे नाराज होकर भारतीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने कार्रवाई की है। मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि चैनल ने कश्मीर के हिमालय रीजन को पाकिस्तान और चीन में दिखाया था। यह बहुत ही संवेदनशील मामला है। उन्होंने बताया कि मंत्रालय में हुई बैठक के बाद चैनल पर पांच दिनों के लिए बैन लगाया गया है।

वहीं, यह चौंकाने वाला फैसला ऐसे वक्त में आया है, जब नरेंद्र मोदी सरकार लगातार मीडिया पर सेंसरशिप लगाने के आरोप झेल रही है। इससे पहले सरकार ने निर्भया केस के दोषी छात्र के इंटरव्यू वाली बीबीसी डॉक्युमेंट्री पर बैन लगा दिया था। इस मामले में अल-जजीरा इंडिया ब्यूरो चीफ अनमोल सक्सेना ने कहा कि हमें आदेश निरस्त होने की उम्मीद थी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

एक स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अल-जजीरा २०१३ और २०१४ में भी मानचित्र से जुड़ी गलतियां कर चुका है। उसने कई बार लक्षद्वीप और अंडमान को भारत के मैप में शामिल नहीं किया था।

२०११ में इकोनॉमिस्ट मैगजीन ने अपने कवर पेज पर कश्मीर का गलत नक्शा लगाया था, जिसके बाद सरकार ने इस पर व्हाइट स्टिकर लगाकर बेचने का आदेश दिया था। मैगजीन के दक्षिण एशिया ब्यूरो के चीफ एडम रॉबटर्स ने ट्वीट कर इसे बेवकूफना हरकत करार दिया।

अल-जजीरा, कतर स्थित न्यूज चैनल है। यह मध्य पूर्व (खाड़ी देशों) का सबसे बड़ा न्यूज नेटवर्क भी है। बुधवार को चैनल ऑन करने पर ब्लू स्क्रीन दिखाई दे रही है। जिसमें जानकारी दी गई है कि मंत्रालय के आदेश से पांच दिनों तक चैनल बंद रहेगा।

गौरतलब है कि इससे पहले भी कई विदेशी न्यूज चैनल और वेबसाइट कश्मीर का गलत नक्शा लगा चुके हैं। इसमें कई बार भारत के पूरे जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा बताया गया था।

स्त्रोत : भास्कर

Read more on Featured News

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *