Menu Close

अंधेरी के ‘सेंट अर्नोल्ड कॉलेज’ में हिंदू जनजागृति समिति की ओर से ‘युवाओं पर बढते आघात और उसके कारण’ इस विषय पर प्रबोधन

मुंबई – अंधेरी पूर्व स्थित ‘सेंट अर्नोल्ड नाइट डिग्री कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड आर्ट्स’ में हिंदू जनजागृति समिति की ओर से एक विशेष प्रबोधनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समिति के श्री राज जाधव ने ‘युवाओं पर बढ़ते आघात और उसके कारण’ विषय पर उपस्थित विद्यार्थियों से संवाद किया।

इस अवसर पर श्री राज जाधव ने कहा, “कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी केवल पुलिस प्रशासन पर न डालते हुए प्रत्येक नागरिक को स्वयं संस्कारी और जिम्मेदार नागरिक बनना चाहिए। आज की युवा पीढ़ी में संवेदनहीनता, सोशल मीडिया और स्मार्टफोन का अनियंत्रित एवं गलत उपयोग तथा शीघ्र पैसा और प्रसिद्धि पाने की लालसा बढ़ती जा रही है। इसके चलते युवा बड़े पैमाने पर भटकते जा रहे हैं। विचलित मानसिकता के कारण युवाओं में गलत प्रवृत्तियां बढ़ रही हैं। बच्चों में अच्छे संस्कार डालना और उन्हें गलत प्रवृत्तियों से दूर रखना, माता-पिता के लिए एक बड़ी चुनौती है।”

उन्होंने आगे कहा कि युवाओं की शारीरिक और मानसिक क्षमता बढ़ाना आवश्यक है। इसके लिए हिंदू जनजागृति समिति द्वारा युवाओं के लिए निःशुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से इस प्रशिक्षण में सहभागी होने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रस्तुत किए गए आत्मरक्षा के प्रात्यक्षिकों में युवक-युवतियों का उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद 4 छात्राओं ने स्वयं आगे आकर इस उपक्रम और मार्गदर्शन के संबंध में सकारात्मक प्रतिक्रिया दी तथा अधिक जानकारी प्राप्त की।

Latest News