विवाह से मना करने पर इमरान द्वारा हत्या का आरोप

नई दिल्ली – तिलक नगर परिसर में २६ अगस्त की शाम मुस्कान (आयु २१ वर्ष) नामक युवती की इमरान ने घर में घुसकर चाकू से वार करके हत्या कर दी । इमरान व्यायामशाला का प्रशिक्षक (‘जिम ट्रेनर’) है । हत्या के पश्चात वह भाग गया है । घटना के समय मुस्कान घर में अकेली थी । विवाह से मना करने पर इमरान ने उसकी हत्या की ।
१. पुलिस की जानकारी के अनुसार, मुस्कान के परिजन बाहर गए हुए थे, तब इमरान घर में घुसा एवं उसने उस पर चाकू से आक्रमण किया । घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच आरंभ की । आरोपी को ढूढने के लिए परिसर के ‘सीसीटीवी’ कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है एवं वह घर में कैसे घुसा ? तथा हत्या के पश्चात किस मार्ग से बाहर भगा ?, इसका पता लगाया जा रहा है ।
२. मुस्कान छात्रा थी एवं वह अंशकालिक (पार्टटाइम) ‘मॉडलिंग’ करती थी । उसके मित्र के अनुसार, इमरान उसके जिम में ट्रेनर था । वह कुछ समय से मुस्कान का पीछा कर रहा था एवं उस पर विवाह के लिए दबाव डाल रहा था । मुस्कान उससे बात नहीं करती थी, इसलिए वह उसे परेशान करता था, ऐसा आरोप भी मित्र ने लगाया है । अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अभिषेक गुप्ता ने आरोपी को ढूढने के प्रयास करने की जानकारी दी ।








