हिंजवडी (पुणे) में आयोजित ‘वैदिक शाश्वत चिकित्सा शिविर’ उत्साहपूर्वक संपन्न

पुणे – सनातन धर्म की रक्षा और धर्मप्रसार के लिए हिंदू जनजागृति समिति द्वारा किया जा रहा कार्य अत्यंत उल्लेखनीय है। समिति के इस धर्मकार्य में मैं भी उसके साथ रहकर कार्य करूंगा, ऐसे उद्गार पूज्य स्वामी भक्ति प्रकाशजी महाराज ने व्यक्त किए। उन्होंने विभिन्न शारीरिक व्याधियों पर बिंदूदाबन उपचार पद्धति, योग और आयुर्वेद की सहायता से उपचार कैसे किया जा सकता है, इस विषय पर आयोजित शिविर में उपस्थितों का मार्गदर्शन भी किया। हिंजवडी स्थित ‘मेगापोलिस-स्प्लेंडर सोसायटी’ के क्लब हाउस में 20 और 21 जून को पूज्य स्वामी भक्ति प्रकाशजी महाराज द्वारा ‘वैदिक शाश्वत चिकित्सा शिविर’ का आयोजन किया गया था।
इस अवसर पर हिंदू जनजागृति समिति के श्री नीलेश जोशी, श्री राकेश शर्मा और श्री ललित शर्मा ने पूज्य स्वामी भक्ति प्रकाशजी महाराज से सदिच्छा भेंट कर उन्हें श्रीफल अर्पित कर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें समिति के कार्य के विषय में विस्तृत जानकारी दी।
समिति के कार्य की जानकारी प्राप्त करने के बाद पूज्य स्वामीजी ने समिति द्वारा किए जा रहे कार्य की सराहना की और समिति के कार्य में सहभागी होने का आश्वासन दिया। इस शिविर का लाभ अनेक रोगियों ने लिया। पूज्य स्वामी भक्ति प्रकाशजी महाराज मूलतः लक्ष्मणपुरी (लखनऊ) के निवासी हैं। वे बिंदूदाबन उपचार पद्धति, योगासन और आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से समाज को निरोगी जीवन का मार्ग दिखाने का कार्य कर रहे हैं।








