Menu Close

युवा पीढी को बर्बाद करने वाले ‘सनबर्न’ पर प्रतिबंध लगाएं और तत्काल ‘ड्रग्स मुक्त महाराष्ट्र’ अभियान चलाएं – हिन्दू जनजागृति समिति

मुंबई : गोरेगाव के म्यूजिक कॉन्सर्ट में दो युवाओं की मौत और राज्य में पनपता नशीले पदार्थों का व्यापार इस बात का संकेत है कि महाराष्ट्र ‘उड़ता पंजाब’ बनने की दिशा में बढ़ रहा है। हिंदू जनजागृति समिति ने मांग की है कि सरकार अब बिना समय गंवाए तत्काल ‘ड्रग्स मुक्त महाराष्ट्र’ अभियान चलाए। साथ ही, ‘सनबर्न’, म्यूजिक कॉन्सर्ट और रेव पार्टियों जैसे भारतीय संस्कृति विरोधी कार्यक्रमों के कारण युवा पीढ़ी का जीवन बर्बाद हो रहा है, इसलिए इसके लिए जिम्मेदार आयोजकों और प्रशासनिक तंत्र पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। समिति ने पहले भी मुंबई और गोवा में ‘सनबर्न फेस्टिवल’ का कड़ा विरोध किया है, क्योंकि ऐसे आयोजनों से मिलने वाले राजस्व की तुलना में होने वाली सामाजिक और राष्ट्रीय क्षति कहीं अधिक गंभीर है।

नशीले पदार्थों का यह फैला हुआ जाल केवल व्यसन तक सीमित नहीं है, बल्कि देश को खोखला करने का एक बड़ा युद्ध है। ‘नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो’ के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में 2000 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त होना और नासिक, मुंबई-सतारा जैसे शहरों में ड्रग्स कारखानों का मिलना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक गंभीर चुनौती है। भारत ‘गोल्डन क्रेसेंट’ और ‘गोल्डन ट्रायंगल’ के केंद्र में होने के कारण तस्करों द्वारा देश का उपयोग ‘ट्रांजिट रूट’ के रूप में किया जा रहा है। समिति ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से आह्वान किया है कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले और न केवल तस्करों पर, बल्कि ऐसी पार्टियों के आयोजकों पर भी शिकंजा कसकर युवा पीढ़ी को इस दलदल से बचाए।

Latest News