पार्टी में असीमित बीयर का सेवन होने के बावजूद नाबालिगों को थी प्रवेश की अनुमति

पणजी – कांदोळी स्थित पंचतारांकित होटल ‘हयात सेंट्रिक’ में होली के अवसर पर 4 मार्च को आयोजित होने वाली और नाबालिग लड़के-लड़कियों की भागीदारी वाली ‘हयात सेंट्रिक होली बैश’ पार्टी रद्द कर दी गई है। इसकी जानकारी कलंगुट पुलिस थाने के निरीक्षक लक्षी आमोणकर ने हिंदू जनजागृति समिति को दी। इस संबंध में हिंदू जनजागृति समिति ने उत्तर गोवा जिला प्रशासन और पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई थी।
हिंदू जनजागृति समिति ने अपनी शिकायत में कहा था कि, ‘हयात सेंट्रिक होली बैश’ पार्टी में बीयर की असीमित आपूर्ति की जाने वाली थी, साथ ही विभिन्न प्रकार के मद्य भी परोसे जाने वाले थे। इस पार्टी में 8 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को भी भाग लेने की अनुमति दी गई थी। इस विषय में हिंदू जनजागृति समिति ने महिला एवं बाल कल्याण विभाग के पास भी शिकायत दर्ज कराई थी।
समिति की शिकायत को ध्यान में रखते हुए उत्तर गोवा जिला प्रशासन ने उत्तर गोवा के समुद्रतटीय क्षेत्र में होली पार्टियों का आयोजन करने वालों के पास आवश्यक सुरक्षा संबंधी अनुमति है या नहीं, इसकी जांच करने के निर्देश पुलिस प्रशासन को दिए थे। पुलिस द्वारा शिकायत का संज्ञान लेने के बाद नाबालिग बच्चों की भागीदारी वाली ‘हयात सेंट्रिक होली बैश’ पार्टी रद्द कर दी गई।
हिंदू जनजागृति समिति ने कहा कि, दुष्प्रवृत्ति और अमंगल विचारों का नाश कर सत्प्रवृत्ति का संदेश देने वाले होली उत्सव को गोवा के कुछ नाइट क्लब, पंचतारांकित होटल और रिवर क्रूज़ आदि द्वारा इस प्रकार की पार्टियों के माध्यम से बदनाम किया जा रहा है। समिति ने मांग की है कि सरकार और पुलिस प्रशासन आगे ऐसी पार्टियों को अनुमति न दें और उनका आयोजन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करें।








