नासिक के समस्त हिन्दुत्वनिष्ठों की पुलिस से मांग

नासिक – पत्रकार निरंजन टकले ने हिन्दू साधुओं के संबंध में आपत्तिजनक वक्तव्य किया कि सिंहस्थ कुंभपर्व में आनेवाले साधु-संत ट्रक भरकर गांजा पीते हैं और सर्वत्र दुर्गंध फैलाते हैं । इस प्रकरण में उनके विरोध में अपराध प्रविष्ट (दर्ज) करने की मांग को लेकर हिन्दुत्वनिष्ठ संगठनों ने यहां के पंचवटी पुलिस थाने में परिवाद (शिकायत) किया । इस अवसर पर हिन्दू जनजागृति समिति के श्री. संदीप वाघ, सकल हिन्दू समाज के श्री. कैलाश देशमुख, हिन्दू महासभा के श्री. मनीष गोसावी, जीवाधार संघ के श्री. मिलिंद कुलकर्णी, विश्व देवस्थान समिति के सर्वश्री नंदकिशोर भावसार, लखन आहेर, शामभाऊ बोलकर, राजेश परदेशी आदि उपस्थित थे ।

इस परिवाद में कहा गया है कि,
१. निरंजन टकले के बयान से संत समाज और करोडों हिन्दुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं । शहरी नक्सल प्रेमियों का कुंभपर्व की वैश्विक स्तर पर अपकीर्ति करने का षड्यंत्र सदैव ही रहा है ।
२. निरंजन टकले ने कुंभपर्व जैसे सामाजिक उपक्रम को कलंकित कर, सामाजिक शांति भंग करके और सामाजिक तथा धार्मिक वैमनस्य पैदा करने का प्रयास किया है । पुलिस को सामाजिक सद्भाव बिगाडने वाले उनके ऐसे वक्तव्यों का गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए ।
३. उनके विरुद्ध हिन्दू धर्म, त्योहारों-उत्सवों के विरुद्ध भडकाऊ वक्तव्य देने, संत और धर्म की अपकीर्ति करने, हिन्दुओं को गुमराह करने, धार्मिक वैमनस्य उत्पन्न करने, ‘अमूर्त सांस्कृतिक विरासत’ के रूप में ‘यूनेस्को’ द्वारा मान्यता प्राप्त कुंभपर्व को वैश्विक स्तर पर अपकीर्त करने के संबंध में अपराध प्रविष्ट किया जाना चाहिए ।








