Menu Close

इतिहास का स्वर्णिम क्षण : अयोध्या राम मंदिर पर फहराई धर्मध्वजा

500 वर्षों की प्रतीक्षा खत्म हुई। अयोध्या में बने भव्य श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा लहरा गया। प्रधानमंत्री मोदी ने शुभ मुहूर्त में 22 फीट लंबे, 11 फीट चौड़े और लगभग 3 किलो वजनी धर्म ध्वजारोहण किया। ध्वज पर कोविदार वृक्ष, सूर्यवंश का प्रतीक और ‘ॐ’ अंकित है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सहित देशभर से आए करीब 7000 लोग इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने। ध्वजारोहण से पूर्व प्रधानमंत्री मोदी ने सप्तमंदिर में सप्त ऋषियों के दर्शन और भगवान राम की आरती की।

लखनऊ में किया अयोध्या ध्वजारोहण को याद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के कार्यक्रम में अयोध्या ध्वजारोहण कार्यक्रम को याद किया। उन्होंने कहा कि, भारत के सनातन भगवा ध्वज का आज आरोहण श्रीराम मंदिर के शिखर पर हुआ है। यह वही भगवा ध्वज है, जिसकी रक्षा के लिए सिख गुरुजनों और उनकी पीढ़ियों ने अपना बलिदान दिया है। मुख्यमंत्री योगी सिख पंथ के नौवें गुरु ‘हिन्द दी चादर’ गुरु श्री तेग बहादुर जी महाराज के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर आज लखनऊ में आयोजित ‘विशेष गुरुमति समागम’ में सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने गुरु श्री तेग बहादुर जी महाराज की पावन स्मृतियों को नमन किया।

ध्वजारोहण के बाद प्रधानमंत्री मोदी बोले, भाव-विहोर करने वाला अनुभव

अयोध्या राम मंदिर में ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी भावनाएं व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अयोध्या के पावन धाम में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में ध्वजारोहण समारोह का हिस्सा बनना मेरे लिए अत्यंत भावविभोर करने वाला अनुभव रहा। शुभ मुहूर्त में संपन्न हुआ यह अनुष्ठान हमारे सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय एकता के नए अध्याय का उद्घोष है। राम मंदिर का गौरवशाली ध्वज, विकसित भारत के नवजागरण की संस्थापना है। ये ध्वज नीति और न्याय का प्रतीक हो, ये ध्वज सुशासन से समृद्धि का पथ प्रदर्शक हो और ये ध्वज विकसित भारत की ऊर्जा बनकर इसी रूप में सदा आरोहित रहे…..भगवान श्री राम से यही कामना है। जय जय सियाराम।

 

Read more on Hinduism

Latest News