भारत माता का घोर अपमान करने वाले हुसैन का महिमामंडन बंद किया जाए !

मुंबई – 140 करोड़ भारतीयों की आराध्य भारत माता को ‘रेप ऑफ इंडिया’ शीर्षक से विकृत, नग्न और अश्लील रूप में चित्रित करने वाले विवादास्पद चित्रकार एम.एफ. हुसैन की अन्य 25 चित्रों की नीलामी 12 जून 2025 को मुंबई के हॅमिल्टन हाउस स्थित ‘पंडोल आर्ट गॅलरी’ में आयोजित की जा रही है। इस पृष्ठभूमि में हिंदू जनजागृति समिति ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, मुंबई पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर इस नीलामी पर तत्काल प्रतिबंध लगाने और हुसैन के आपराधिक कृत्यों का महिमामंडन बंद करने की मांग की है। अन्यथा तीव्र आंदोलन करने की चेतावनी भी समिति ने दी है।
समिति ने कहा है कि एम.एफ. हुसैन ने 26/11 के हमलों के समय ‘रेप ऑफ इंडिया’ नामक चित्र में भारत माता को नग्न और अपमानजनक रूप में दर्शाते हुए देशद्रोह की पराकाष्ठा की थी। अन्य चित्रों में नग्न भारत माता के शरीर पर भारतीय शहरों के नाम लिखे हैं। एक चित्र में नग्न हनुमान की पूंछ पर नग्न सीता बैठी है, तो अन्य में नग्न राम, सीता और हनुमान एक साथ चित्रित हैं। एक चित्र में श्री गणेश को नग्न महिला की गोद में बैठाया गया है, जबकि दूसरे में भगवान हनुमान को नग्न महिला को हाथ में लेकर उड़ते हुए दिखाया गया है। देवी सरस्वती, पार्वती, गंगा, यमुना आदि देवियों का भी विकृत, नग्न व अश्लील चित्रण कर करोड़ों हिंदुओं की श्रद्धा को ठेस पहुंचाई गई है। इन आपत्तिजनक चित्रों के विरोध में देशभर में हुसैन के विरुद्ध 1250 से अधिक पुलिस शिकायतें दर्ज की गई हैं। इसके कारण देशभर में उनके प्रदर्शन का विरोध हुआ और अंततः उन्हें भारत छोड़कर कतर की नागरिकता लेनी पड़ी थी।
समिति ने आगे कहा कि इन 25 चित्रों की नीलामी का आयोजन उनके पूर्व राष्ट्रविरोधी और समाजविघातक कृत्यों को अप्रत्यक्ष समर्थन देने जैसा है। ‘कलात्मक स्वतंत्रता’ के नाम पर धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले और राष्ट्रविरोधी व्यक्तियों का गौरव किया जाना किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। हाल ही में दिल्ली के पटियाला हाउस न्यायालय ने हुसैन की प्रदर्शन में लगी पेंटिंग्स को जब्त करने के आदेश दिए हैं और जांच चल रही है। पहले भी हुसैन की कई प्रदर्शनियां विरोध के चलते रद्द हुई हैं और उनके नाम पर दिए जाने वाले पुरस्कार भी रद्द किए जा चुके हैं।
समिति द्वारा निवेदन में की गई मांगें !
१. हुसैन की चित्रकलाओं की प्रस्तावित नीलामी एवं विक्रय को त्वरित रूप से रोका जाए । उस पर वैधानिक प्रतिबन्ध लगाया जाए ।
२. इन चित्रों का प्रदर्शन, विक्रय अथवा प्रचार-प्रसार करने वाले व्यक्ति, संस्था अथवा कला गैलरी पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए ।
३. हुसैन की भारतमाता विषयक चित्रकला को राष्ट्रविरोधी घोषित किया जाए ।








