Menu Close

मनसेके कार्यकर्ताआेंने बंद करवाई पूल पार्टी, कहा- यह नहीं है अपनी संस्‍कृति

संभाजीनगर (औरंगाबाद), महाराष्‍ट्र : मनसे कार्यकर्ताओं ने यहां पहली बार आयोजित ‘पूल पार्टी’ नहीं होने दी। राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की युवा शाखा विद्यार्थी सेना ने आपत्ति जताते हुए हंगामा किया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं के हंगामे को देखते हुए पार्टी रोकी, लेकिन किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया।
pool party
औरंगाबाद में पूल पार्टी के लिए पहुंचीं लड़कियां। पार्टी में करीब सौ युवा शामिल थे।

पार्टी के लिए ली थी पुलिस से इजाजत: आयोजक
संभाजीनगर (औरंगाबाद) शहर के बीड़ रोड स्थित एक होटल में सनी चहल नाम के एक शख्‍स ने रविवार शाम को इस पार्टी का आयोजन किया था। इसके विज्ञापन शहर के कई इलाकों में होर्डिंग के माध्यम से लगाए गए थे। फेसबुक के माध्यम से भी पार्टी में शामिल होने के लिए इनविटेशन भेजा गया था। आयोजकों का कहना है कि उन्होंने पहले से इस कार्यक्रम की इजाजत ले रखी थी। इसके बावजूद मनसे कार्यकर्ताओं ने इसे रोका।

मनसे कार्यकर्ताओं ने लगाया अश्लीलता फैलाने का आरोप
मनसे कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पूल पार्टी में शामिल लड़के-लड़कियां नशे में अश्लील हरकत कर रहे थे। नियम को ताक पर रख कर नाबालिग लड़के-लड़कियों को शराब परोसी जा रही थी। बगल में हॉस्पिटल और रिहायशी इलाका होने के बावजूद तेज आवाज में डीजे बज रहा था।कार्यकर्ताओं ने इसे महाराष्ट्र की संस्कृति के विपरीत बताते हुए इसका विरोध किया।

999 रुपए में बेचे गए थे टिकट
इस पार्टी में तकरीबन 100 युवा शामिल थे। इनमें ज्यादातर मुंबई से आए हुए थे। इस पार्टी में शामिल होने के लिए प्रति व्यक्ति 999 और एक जोड़े से 1599 रुपए वसूले गए थे। इसके एवज में बियर और भरपेट खाना देने का भी वादा था।

पार्टी का आयोजन नियमानुसार था
आयोजक सनी चहल ने बताया कि यह पार्टी नियमों के अनुसार आयोजित की गई थी। इसमें हर कोई अपनी मर्जी से शामिल हुआ था। किसी को यहां जबरदस्ती नहीं लाया गया था। साथ ही, इसमें कोई भी नाबालिग नहीं था। पार्टी के लिए जरूरी परमिशन हमने ले रखी थी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए ली गई थी अनुमति
पुलिस इंस्पेक्टर  कैलाश प्रजापति ने कहा कि आयोजकों ने पुलिस से सिर्फ सांस्कृतिक कार्यक्रम और डीजे के लिए परमिशन ली थी। हमें मौके पर कोई भी नाबालिग नहीं मिला और न ही होटल में बार था।

पुलिस पर लगा मामले में ढिलाई बरतने का आरोप
मनसे कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उनकी शिकायत के बाद पुलिस ने पार्टी तो बंद करा दी, लेकिन आयोजकों और पार्टी में शामिल लड़के-लड़कियों पर कोई एक्शन नहीं लिया। आरोप है कि पुलिस ने नशे में धुत्त लड़के-लड़कियों की जांच भी नहीं की।

स्त्रोत : दैनिक भास्कर

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *