Menu Close

आईएसआईएस ने कैंटली का सातवां वीडियो किया जारी, पत्रकार ने कहा- ‘मार देंगे मुझे आतंकी’

मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष प्रतिपदा, कलियुग वर्ष ५११६

ब्रिटिश बंधक व पत्रकार जॉन कैंटली

रक्का : आतंकी संगठन आईएसआईएस (इस्लामिक स्टेट) ने ब्रिटिश बंधक जॉन कैंटली के हवाले से एक और प्रचारक वीडियो जारी किया है। जिसमें कैंटली एक बार फिर इस्लामिक स्टेट का स्क्रिप्टेड मैसेज पढ़ते नजर आ रहे हैं। हालांकि, कैंटली ने इस बार स्पष्ट शब्दों में स्वीकारा है कि उन्हें भी अन्य बंधकों की तरह मौत के घाट उतार दिया जाएगा।

आईएसआईएस द्वारा जारी किया गया ये सातवां वीडियो है। इस बार भी कैंटली अंधेरे कमरे में नारंगी रंग के जंपसूट में नजर आ रहे हैं। ‘लेंड मी योर इयर्स: एपिसोड-6’ टाइटल से ८ मिनट ५३ सेकंड के नए वीडियो में कैंटली बंधकों को बचाने के लिए ४ जुलाई (अमेरिकी स्वतंत्रता दिवस, १७७६) को अमेरिका की ओर से किए गए नाकाम कोशिशों का खुलासा करते हैं।

उन्होंने कहा, “अमेरिका की रेड से पहले ही आतंकियों ने बंधकों को दूसरे सेल में शिफ्ट कर दिया था।” कैंटली आगे कहते हैं, “मैंने अपनी किस्मत स्वीकार ली है। मुझे भी अन्य साथी बंधकों की तरह मौत के घाट उतार दिया जाएगा।” वह इसके लिए आतंकियों की बजाए ब्रिटिश और अमेरिकी सरकार को दोषी मानते हैं। मैसेज के अंत में उन्होंने कहा, “मैं तब तक ही बोल पाऊंगा, जब तक आतंकी मुझे जीवित रखेंगे।”

वीडियो के बारे में विदेश विभाग के अधिकारियों ने कहा, “हमें नए वीडियो की पूरी जानकारी है। हम इसके तथ्यों का विश्लेषण कर रहे हैं।” बता दें कि कैंटली का नया वीडियो अमेरिकी बंधक पीटर कासिग की नृशंस हत्या और सीरियाई सैनिकों के नरसंहार के कुछ ही दिन बाद सामने आया है।

फोटो जर्नलिस्ट कैंटली को आतंकियों ने दो साल पहले सीरिया में बंधक बना लिया था। उसके बाद वह पहली बार आईएसआईएस के प्रचारक वीडियो में सामने आए थे। इसके अलावा कैंटली से जबरन सीरियाई सीमावर्ती शहर कोबानी में रिपोर्टिंग कराया गया। आईएसआईएस ने कैंटली के इस वीडियो को भी जारी किया था।

देखें, संबंधित तस्वीरें

स्त्रोत : दैनिक भास्कर

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *