मार्गशीर्ष कृष्णपक्ष चतुर्दशी, कलियुग वर्ष ५११६
बारासात (मालदा ) : बर्दवान ब्लास्ट को लोग अभी भूल भी नहीं पाये हैं कि आज फिर पश्चिम बंगाल में बम विस्फोट की दो घटनाएं हुईं । बम ब्लास्ट की इन घटनाओं में तीन लोग घायल हो गये हैं । पुलिस ने बताया कि पहली घटना , उत्तरी 24 परगना जिले के मोहनपुर में हुई । इस बम विस्फोट में दो निर्माण मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गये ।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना उस समय घटी जब मजदूरों ने रेत के ढेर के नीचे छिपे टिन के एक डिब्बे को देखा । उन्होंने जैसे ही इसे उठाया, डिब्बे में रखा बम फट गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये ।
घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है । बम विस्फोट की दूसरी घटना आज सुबह मालदा जिले में हुई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया ।
गजोल क्षेत्र के आलमपुर मछली बाजार में बम विस्फोट होने से दहशत का माहौल बन गया । पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि इस घटना में एक राहगीर मामूली रूप से घायल हो गया है ।
स्त्रोत : प्रभात खबर








