Menu Close

UN ने चेताया, ISIS के पास इतने हथियार कि लगातार दो साल लड़ सकता है युद्ध

मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष त्रयोदशी, कलियुग वर्ष ५११६

वॉशिंगटन – दुनिया के सबसे खूंखार आतंकी संगठन आईएसआईएस (इस्लामिक स्टेट) के पास इतने गोला-बारूद हैं कि वह लगातार दो साल तक मिडल ईस्ट में युद्ध लड़ सकता है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने अपनी नई रिपोर्ट में ये चेतावनी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, आईएसआईएस के शस्त्रागार में ऐसे हथियार हैं, जो कम ऊंचाई पर उड़ने वाले एयरक्राफ्ट को पल भर में नेस्तनाबूद कर सकते हैं। रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि भले ही अमेरिकी नेतृत्व में हो रहे हवाई हमले उसके बख्तरबंद वाहनों व हथियारों को नुकसान पहुंचाने में कामयाब रहे हैं, लेकिन उसका शस्त्रागार इतना बड़ा है कि आईएसआईएस आसानी से इससे पार पा लेगा।

 हथियारों के मामले में मजबूत है ISIS

संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट से पता चलता है कि आईएसआईएस लगातार छह महीने से लेकर दो साल तक युद्ध लड़ सकता है। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, आईएसआईएस न सिर्फ सबसे अमीर आतंकवादी संगठन है, बल्कि हथियारों के मामले में भी अन्य के मुकाबले कहीं आगे है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पूर्व धुर विरोधी नुसरा फ्रंट के साथ आने से यह संगठन हथियारों के मामले में और भी मजबूत हो गया है। रिपोर्ट में आईएसआईएस तक हथियार व पैसों तक पहुंच पर अंकुश लगाने की भी सिफारिश की गई है। इस बीच, अमेरिका ने आईएसआईएस के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के संकेत दिए हैं।

इन हथियारों से है लैस

संयुक्त राष्ट्र के आकलन के मुताबिक, आईएसआईएस के पास T-55 और T-72 टैंक्स, अमेरिकी निर्मित हमवीज, मशीनगन, कम दूरी वाले विमानभेदी तोपखाने, इराकी और सीरियाई सैनिकों से हथियाए हुए रॉकेट लॉन्चरों का स्टॉक, भारी मात्रा में गोला-बारूद के अलावा कई हथियार हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, आईएसआईएस के पास 250 बख्तरबंद वाहन हैं। ये सारे सैनिकों से हथियाए हुए हैं।

एक रिपोर्ट ये भी कहती है कि आईएसआईएस ने इराकी सेना से उन हथियारों को भी कब्जे में ले लिया है, जो उन्होंने इस्तेमाल तक नहीं किया था। ये हथियार अमेरिका ने मुहैया कराए थे। इसके अलावा, आईएसआईएस के पास केमिकल हथियार भी हैं। गौरतलब है कि सीरियाई कुर्द बहुल शहर कोबानी में अक्टूबर महीने में आईएसआईएस हमलों के बाद वहां के लोगों की आंखों में जलन और शरीर पर सफेद चकत्ते बनने की समस्या थी।

ISIS के पास दो लाख लड़ाके

संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, 80 देशों से लगभग 15,000 लड़ाके इराक और सीरिया में इस्लामिक स्टेट और अन्य आतंकी संगठनों का जिहाद में साथ दे रहे हैं। इससे पहले एक वरिष्ठ कुर्दिश नेता ने दावा किया था कि इस्लामिक स्टेट के पास 2,00,000 लड़ाकों की फौज है।

स्त्रोत : दैनिक भास्कर

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *