मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष त्रयोदशी, कलियुग वर्ष ५११६

येरूशलम – इजरायल के येरूशलम में हथियारों से लैस दो फलस्तीनी आतंकियों ने एक यहूदी धर्मस्थल पर मंगलवार को हमला बोल दिया। इसमें चार इजरायली नागरिकों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने आतंकियों को मार गिराया। वहीं, इस बर्बर हत्याकांड के बाद दक्षिणी गाजा पट्टी के रफा में मिठाई बांट खुशियां मनाई गई। नकाबपोश फलस्तीनी व्यक्ति आम लोगों को रोक कर मिठाई बांट रहा था।
आतंकियों ने पश्चिमी येरूशलम के हर नोफ शहर स्थित धार्मिक स्थल को निशाना बनाया। इस हमले में दो पुलिस अफसर समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस प्रवक्ता मिक्की रोसेनफोल्ड ने बताया कि हमलावरों के पास से बंदूकों के अलावा धारदार चाकू और कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है।
बता दें कि पिछले कुछ हफ़्तों से इजरायल और फलस्तीन के बीच हुई झड़पों के कारण इलाके में पहले से तनाव बना हुआ है। हमले की निंदा करते हुए इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि प्रार्थना करने आए यहूदियों की निर्मम हत्या के लिए फलस्तीनी आतंकी संगठन ‘हमास’ और फ्लस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ज़िम्मेदार हैं। वहीं, यूएस के सेक्रेटरी जॉन कैरी ने भी हमले की भर्त्सना की। बता दें कि कुछ महीने पहले यहां हुए एक हमले में भी इजरायल के पांच और एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई थी।
स्त्रोत : दैनिक भास्कर








