Menu Close

हमले में ‘बुरी तरह घायल’ हुआ ISIS आतंकी ‘जिहादी जॉन’, बगदादी के साथ था मौजूद

मार्गशीर्ष कृष्णपक्ष दशमी, कलियुग वर्ष ५११६

बगदाद – दो ब्रिटिश नागरिक और दो अमेरिकी पत्रकारों की गला रेतकर हत्या करने और घटना की वीडियो पोस्ट करने के बाद सुर्खियों में आए आईएसआईएस के आतंकी ‘जिहादी जॉन’ के अमेरिकी हवाई हमले में बुरी तरह से घायल होने की खबर है। सूत्रों के मुताबिक, दो हफ्ते पहले अमेरिका ने उत्तरी इराक के अनबर प्रांत में हवाई हमला किया, जिसमें आईएसआईएस के सुप्रीम कमांडर बगदादी समेत 10 कमांडर भी मारे गए, जबकि 40 आतंकी बुरी तरह से जख्मी हुए। हालांकि, बगदादी के मारे जाने की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि ‘जिहादी जॉन’, सीरियाई बॉर्डर पर किसी खुफिया बंकर में आईएसआईएस कमांडरों के साथ मौजूद था, तभी अमेरिकी औरइराकी जेट विमानों ने हमला किया।

सूत्र बताते हैं कि हमले के बाद ‘जिहादी जॉन’ को जख्मी हालत में अस्पताल ले जाया गया। ब्रिटिश विदेश विभाग के प्रवक्ता के मुताबिक, ‘इराक और सीरिया में उनके कई सूत्र मौजूद हैं, जो इस ब्रिटिश आतंकी की गतिविधियों की पल-पल की जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।’ हालांकि, यह साफ नहीं हो पाया है कि यह हमला बगदादी को निशाना बनाकर किया गया था या जिहादी जॉन को।

कौन है ‘जिहादी जॉन’

इस्लामिक स्टेट का यह आतंकी अगस्त महीने से अब तक चार बंधकों की नृशंस हत्या कर चुका है। जिनमें दो अमेरिकी पत्रकार जेम्स फोले (40) व स्टीवन सोटलॉफ (31) और दो ब्रिटिश नागरिक डेविड हैंस (44) व ऐलन हेनिंग (47) शामिल हैं। जिहादी जॉन अपने लहजे की वजह से ब्रिटिश माना जाता है। हालांकि, उसकी स्पष्ट पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। जिहादी जॉन यहां जलमन अल ब्रिटानी नाम से कुख्यात है।

2 सितंबर को अमेरिकी पत्रकार स्टीवन सोटलॉफ की गला रेतकर नृशंस हत्या कर दी गई थी। तब इस्लामिक स्टेट ने ‘अ सेकंड मैसेज टू अमेरिका’ नाम से वीडियो जारी करते हुए अमेरिका को इराक में हमले न करने की चेतावनी दी थी। 31 वर्षीय सोटलॉफ 2013 में सीरिया से गायब हो गए थे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *