Menu Close

ISIS ने एक और अमेरिकी बंधक का सिर किया कलम, नया व्हीडिआे जारी कर किया दावा

मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष दशमी, कलियुग वर्ष ५११६

दाबिक – आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने अमेरिकी बंधक अब्दुल रहमान कासिंग का सिर कलम करने का दावा किया गया है। इस्लामिक स्टेट की मीडिया विंग की ओर से नया वीडियो जारी कर ये दावा किया गया है। हैरानी की बात ये है कि वीडियो में जिसे कासिंग के कटे सिर के साथ दिखाया गया है, वो कोई और नहीं बल्कि ब्रिटिश जिहादी जॉन है। वही जिहादी जॉन जिसके अमेरिकी हवाई हमले में गंभीर रूप से जख्मी होने की बात सामने आई थी।

वीडियो में ब्रिटिश आतंकी जिहादी जॉन अमेरिकी एडवर्कर पीटर कासिंग के कटा सिर के साथ खड़ा है। इस वीडियो में मौत के घाट उतारे गए सीरियाई सैनिकों के एक समूह को भी दिखाया गया है। इस्लामिक स्टेट की मीडिया विंग अल-फुर्कन द्वारा रविवार सुबह जारी किए गए 15 मिनट 53 सेकंड के इस वीडियो में पूरे काले पोशाक में दिख रहा शख्स बिल्कुल ब्रिटिश जिहादी जॉन की तरह है, लेकिन वीडियो में वो कहीं से जख्मी नहीं दिख रहा और उसने ठीक वैसे ही कपड़े पहन रखे हैं, जैसे कपड़ों में वो पिछले वीडियो में सामने आया था।

हालांकि, तत्काल इस वीडियो की विश्वसनीयता की पुष्टि नहीं की जा सकती। साथ ही, इस बात की पुष्टि करना भी मुमकिन नहीं कि वीडियो में दिखाया जा रहा कटा सिर कासिंग का ही है। कासिंग के परिवार या संबंधियों की ओर से भी अब तक इसे लेकर किसी भी तरह की कोई टिप्पणी सामने नहीं आई है।

जिहादी जॉन का अमेरिका को संदेश

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने कहा कि वीडियो में सिर कलम करते हुए नहीं दिखाया गया है, लेकिन मास्क पहने एक व्यक्ति को खून से सने कटे सिर के साथ दिखाया गया है। इस वीडियो में वो पहले की ही तरह काले रंग की पोशाक, लेदर की बेल्ट में लगा चाकू और पूरे चेहरे को ढका हुआ माक्स पहने दिखाई दे रहा है। कैमरे में देखते हुए जिहादी जॉन ने कहा, ”ये तुम्हारे अमेरिका का नागरिक पीटर एडवर्ड कासिंग है। वो पीटर, जिसने अमेरिकी सेना की ओर से इराक में मुस्लिमों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। इसके पिछले सेलमेट्स पहले ही इसकी तरफ से अपनी बात रख चुके हैं।” इसके साथ ही जिहादी जॉन ने ओबामा पर इराक से सेना हटाने को लेकर झूठे दावे करने का आरोप भी लगाया।

15 मिनट 53 सेंकड के इस वीडियो में सिर्फ कासिंग की हत्या का ही दावा नहीं किया गया है, बल्कि इसमें इस्लामिक स्टेट ने अपनी ताकत भी दिखाने की कोशिश की है। उसने आतंकियों की ट्रेनिंग से लेकर अपने बढ़ते साम्राज्य को दिखाया है।

कासिंग को पिछले साल बनाया बंधक

पीटर एडवर्ड कासिंग को आईएसआईएस ने पिछले साल बंधक बनाया था। कासिंग एड वर्कर था। बंधक बनाए जाने के बाद उसने इस्लाम कबूल कर लिया था और अपना नाम अब्दुल रहमान कासिंग रख लिया था। कासिंग से पहले भी इस्लामिक स्टेट दो अमेरिकी बंधकों का सिर कलम कर चुका है। वहीं, दो ब्रिटिश बंधकों को भी उसने इसी तरह मौत के घाट उतारा था। अक्टूबर में ब्रिटिश एड वर्कर एलन हेनिंग का सिर कलम करने का वीडियो सामने आने के बाद से कासिंग की जान पर मौत का खतरा मंडरा रहा था।

स्त्रोत : दैनिक भास्कर

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *