मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष सप्तमी, कलियुग वर्ष ५११६

सऊदी अरब की एक 1७ वर्षीया लड़की ने गजब का साहस दिखाते हुए 90 साल के एक बूढ़े से निकाह करने से इनकार कर दिया। इससे भी बड़ी बात है कि अदालत ने उसके पक्ष में निर्णय दिया। इस कट्टर मुस्लिम देश में इस तरह का फैसला मिलना आसान नहीं है। यह खबर वहां की एक वेबसाइट ‘सबक’ ने दी है।
बताया जाता है कि लड़की ने अदालत से गुहार लगाई कि उसके पिता झूठ बोलकर उसकी शादी 90 साले के एक बूढ़े से करने जा रहे हैं और उसे यह मंजूर नहीं है। दरअसल उसके पिता ने पहले उसे एक 20 साल के खूबसूरत नौजवान की तस्वीर दिखाई थी और कहा था कि उससे ही उसकी शादी होगी, लेकिन बाद में जब शादी के कागजात आए, तो उसने पाया कि वह व्यक्ति वह नौजवान नहीं, बल्कि मदीना शहर में रहने वाला एक बूढ़ा है।
लड़की ने पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने जांच की, तो लड़की के आरोपों की पुष्टि हुई। उसने साफ शब्दों में कहा कि वह घर से भाग जाएगी, लेकिन बूढ़े से शादी नहीं करेगी।
मामला अदालत में गया, जिसने फैसला लड़की के हक में दिया। सोशल मीडिया में लोगों ने लड़की के बाप पर आरोप लगाया कि उसने अपनी बेटी को बेचने की कोशिश की। सोशल मीडिया में लड़की के साहस की तारीफ हो रही है, क्योंकि सऊदी अरब में ऐसा कभी नहीं होता।








