Menu Close

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नरेंद्र मोदी को मिला ५० देशों का समर्थन

कार्तिक शुक्ल पक्ष नवमी, कलियुग वर्ष ५११६

नई देहली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के आह्वान को ५० देशों का समर्थन मिल गया है। मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के ६९वें सत्र के दौरान अपने संबोधन में २१ जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की वकालत की थी। अमेरिका, कनाडा और चीन समेत ५० देशों ने इसके समर्थन में संकल्प प्रारूप पर हस्ताक्षर कर दिए हैं।

यह संकल्प प्रारूप जल्द संयुक्त राष्ट्र सचिवालय को सौंपा जाएगा। भारत सरकार चाहती है इस साल के खत्म होने से पहले उसका प्रस्ताव स्वीकार कर लिया जाए। को-स्पॉन्सर्स की लिस्ट में एशिया के बड़े देश चीन, जापान, इंडोनेशिया और दक्षिण कोरिया और अफ्रीका से दक्षिण अफ्रीका और नाइजीरिया शामिल हैं। इसके अलावा बांग्लादेश, भूटान, नेपाल, श्रीलंका, ब्राजील और अर्जेंटीना भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के संबंध में अपना समर्थन दे चुके हैं।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज खुद इस पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रही हैं ताकि यूएन में भारत की ओर से की गई इस पहल को ज्यादा से ज्यादा समर्थन मिल सके।

दुनिया के नेताओं के साथ मोदी की बातचीत में योग का कई बार जिक्र हो चुका है। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ डिनर के दौरान भी मोदी ने योग के फायदे बताए थे। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री टोनी ऐबट को मोदी ने योग पर एक किताब भेंट की थी।

स्त्रोत : नवभारत टाईम्स

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *