Menu Close

बगदाद : ISIS ने इराक में ३० सुन्नी नेताओं को कतार में खड़ा कर भून डाला

कार्तिक शुक्ल पक्ष सप्तमी, कलियुग वर्ष ५११६

बगदाद – इस्लामिक स्टेट ने बुधवार को इराक में 30 सुन्नी नेताओं को गोलियों से भून दिया है। घटना राजधानी बगदाद के पश्चिम में हीथ कस्बे की है। इराकी अधिकारियों ने बताया कि ये सभी स्थानीय कबीलाई नेता थे। सभी पर इस्लामिक स्टेट के खात्मे के लिए एक संगठन खड़ा करने का आरोप था। सभी को सार्वजनिक तौर पर लाइन में एक साथ खड़ाकर गोलियों से भून दिया गया।

लाउडस्पीकर पर लोगों को सुनाई सजा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आईएस आतंकियों ने पहले सुन्नी नेताओं को पूरे कस्बे में परेड करवाई। इस दौरान लाउडस्पीकर पर एक आंतकी लोगों को संदेश दे रहा था। संदेश में वह इन सभी की सजा के बारे में बता रहा था। इन्हें काफिर करार दे रहा था। इसके बाद व्यस्त सड़क पर सभी को एक लाइन में खड़ा करके रायफल से भून दिया गया। तस्वीरों में एक लाइन से धरती पर बिछी हुई लाशें देखी जा सकती हैं।

मानवता के खिलाफ

अनबर प्रांत के काउंसिल चेयरमैन सबाह करहौत ने बताया कि स्थानीय कबीलाई नेता इराकी सरकार और सुरक्षाबलों के साथ मिलकर आईएस के खिलाफ लामबंद हो रहे थे। उन्होंने इस सामूहिक कत्लेआम को मानवता के विरुद्ध बताया है। उन्होंने अनबर प्रांत में अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सुन्नी कबीलाइयों को सहयोग देने की मांग रखी है।

उधर, अमेरिकी सेना का कहना है कि उसने इराक और सीरिया दोनों ही जगह इस्लामिक स्टेट के ठिकानों पर हमले किए हैं। इराकी सेनाओं का कहना है कि वो बैजी की तरफ बढ़ रहे हैं। यहां देश की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी जून से ही चरमपंथियों के कब्जे में है।

स्त्रोत : दैनिक भास्कर

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *