Menu Close

दुबई से फोन पर पत्नी को दिया तलाक, मामला दर्ज

पटना : बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ की रहने वाली एक महिला शादी के बाद पति के साथ सप्ताह भर भी नहीं रही थी कि पति ने उसे तलाक दे दिया। अब महिला ने न्याय के लिए कानून की शरण ली है। पुलिस के अनुसार, बिहारशरीफ के इमादपुर मोहल्ला निवासी मोहम्मद मोहिउद्दीन की पुत्री नगमा का निकाह बीते साल 20 अक्टूबर को शहर के ही सकुनत मुहल्ला निवासी मोहम्मद शादाब के साथ हुआ था। निकाह के दो-तीन दिन बाद ही शादाब दुबई चला गया था और नगमा अपने मायके में रह रही थी। निकाह के बाद से ही दुबई में रहने के बावजूद शादाब और नगमा के बीच फोन पर बातें होती थीं और दोनों अपने रिश्ते से खुश भी थे।

पुलिस ने बताया कि बीते 18 अक्टूबर को शादाब ने नगमा से फोन कर कहा कि उसकी अम्मा हज कर लौटी हैं और वह जाकर उनसे मिल ले। शादाब के कहने पर नगमा अपने ससुराल पहुंची, लेकिन शादाब की मां उसे देखते ही भड़क उठीं। यही नहीं, ससुराल वालों ने कहा कि मायके से दो लाख रूपये और सोना लेकर आओगी तभी घर में घुसने देंगे।

इस घटना के बाद बीते 23 अक्टूबर को शादाब ने दुबई से नगमा को फोन किया और फोन पर ही उसे तलाक दे दिया। इसके बाद नगमा ने नालंदा जिले के महिला थाना को घटना के बारे में सूचित किया। महिला थाना के अधिकारी जितेन्द्र कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि पीडिता के बयान के आधार पर रविवार को महिला थाना में इस मामले की एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। मामले की जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को भी दी गई है।

स्त्रोत : पत्रिका

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *