Menu Close

भारत ने चीन को दिखाया ठेंगा, सीमा पर बनेंगी ५४ नई चौकियां

कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया, कलियुग वर्ष ५११६

ग्रेटर नोएडा – अरुणाचल प्रदेश से लगती सीमा पर सड़क निर्माण को लेकर चीन की आपत्तियों को दरकिनार करते हुए भारत ने इस सीमांत राज्य में ५४ नई चौकियां बढ़ाने का एलान किया है। इसके अलावा सीमा पर अन्य निर्माण कार्यो के लिए १७५ करोड़ रुपये के पैकेज की भी घोषणा की है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत पड़ोसी मुल्कों से मधुर रिश्ते रखना चाहता है। इस दिशा में केंद्र सरकार ने मजबूती से कदम आगे बढ़ाए हैं। अगर चीन और पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आए तो उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) के ५३ वें स्थापना दिवस पर शुक्रवार को आयोजित समारोह में राजनाथ सिंह ने कहा कि विश्व शांति के लिए भारत बातचीत के जरिये चीन के साथ सीमा विवाद को सुलझाने का प्रयास करता रहा है। एक बार फिर पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। दिवाली के दिन भी सीमा पर घुसपैठ की कोशिश व गोलीबारी की गई, लेकिन सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।

चीनी सैनिक भी भारतीय सीमा में घुसने का प्रयास करते हैं। कोई पीठ पर गोली चलाएगा तो हम भी मुंहतोड़ जवाब देना जानते हैं। हम इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र संघ में उठाएंगे ताकि दोनों देशों पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बनाया जा सके। कुछ दिन पूर्व चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के भारत दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमा विवाद मामले को प्रमुखता से उठाया था। चीन की तरफ से सीमा के नजदीक एयरफील्ड बनाने और रडार लगाने संबंधी रिपोर्टो पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि सीमा विवाद से जुड़े सारे मसले सिर्फ बातचीत के माध्यम से ही सुलझाए जाने चाहिए।

स्त्रोत : जागरण

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *