Menu Close

अमेरिकी बंधक के बचाव में उतरा अल कायदा जिहादी, ISIS से की जान बख्शने की अपील

कार्तिक शुक्ल पक्ष प्रतिपदा, कलियुग वर्ष ५११६

रक्का – अल कायदा जिहादी ने आईएसआईएस से अमेरिकी बंधक पीटर कासिग की जान बख्शने की अपील की है। अल कायदा के सहयोगी सीरियाई समूह जाभात अल-नुस्र के सदस्य अबु ओमर अकीदी ने उस दिन को याद किया, जब पीटर ने छर्रे से जख्मी होने पर उसका इलाज किया था। अकीदी ने पीटर कासिग का बचाव करते हुए इस्लामिक स्टेट से उन्हें छोड़ने की बात कही।

माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर सैकड़ों आईएसआईएस (अब इस्लामिक स्टेट) समर्थकों द्वारा यह दावा किया गया था कि इस्लामिक स्टेट ने बीते बुधवार यानी कल कासिग का सिर कलम करने की डेडलाइन तय की थी। हालांकि, इस तरह की कोई घटना अब तक सामने नहीं आई है। बता दें कि आईएसआईएस ने पिछले महीने ब्रिटिश नागरिक और सहायताकर्मी एलन हेनिंग की नृशंस हत्या का वीडियो जारी कर कासिग को अपना अगला निशाना बताया था।

वीडियो में हत्यारे ‘जिहादी जॉन’ ने कहा था, “ओबामा तुमने शाम (सीरिया) पर हवाई हमले शुरू किए हैं। ये हमारे लोगों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। तुम ऐसा करते रहो, हमारे चाकू भी तुम्हारे लोगों का गला रेतते रहेंगे।” गौरतलब है कि आईएसआईएस ने फिर कासिग की रिहाई के बदले पाकिस्तान की आतंकी डॉ. आफिया सिद्दीकी की रिहाई की मांग रखी है। लेडी कायदा मॉम नाम से चर्चित सिद्दीकी अमेरिका में आतंकवाद के आरोपों में ८६ साल की सजा काट रही है।

26 वर्षीय कासिग पूर्व आर्मी रेंजर और राहतकर्मी हैं। मात-पिता के मुताबिक, कासिग राहत संस्था में काम करते थे और २०१३ में सीरिया के लोगों को मदद पहुंचाने गए थे। इसी दौरान उन्होंने इस्लाम भी कबूल लिया। कासिग 2013 से ही गायब हैं।

स्त्रोत : दैनिक भास्कर

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *