Menu Close

बेरुत – कब्‍जा किए गए लड़ाकू विमान उड़ाने के लिए ट्रेनिंग ले रहे ISIS आतंकी

कार्तिक कृष्ण पक्ष दशमी, कलियुग वर्ष ५११६

बेरुत – इराक व सीरिया में आतंक फैला रहे इस्लामिक स्टेट के पास रासायनिक हथियार होने की आशंका के बीच एक अन्य चौंकाने वाली खबर आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस्लामिक स्टेट ने तीन लड़ाकू विमानों पर कब्जा कर लिया है। पिछले कई महीनों से जारी जंग पर नजर रख रहे एक पर्यवेक्षक समूह ने इसकी जानकारी दी। समूह के अनुसार, इराकी वायुसेना के कुछ पूर्व पायलट्स आतंकियों को फाइटर जेट्स उड़ाने की ट्रेनिंग भी दे रहे हैं।

सीरियन ऑब्जर्वेट्री फॉर ह्यूमन राइट्स के रमी अब्दुलरहमान के अनुसार, इराक व सीरिया के बड़े हिस्से पर कब्जा कर चुके इस्लामिक स्टेट के लड़ाके अलेप्पो के अल-जर्राह मिलिट्री एयरपोर्ट के ऊपर विमान उड़ाने की ट्रेनिंग ले रहे हैं। हालांकि, किसी भी समाचार एजेंसी ने इन खबरों की पुष्टि नहीं की है। यूएस सेंट्रल कमांड ने भी कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।

गौरतलब है कि अमेरिका के नेतृत्व में इस्लामिक स्टेट ठिकानों पर हवाई हमले किए जा रहे हैं। इस दौरान जारी जमीनी जंग में आईएसआईएस आतंकी, सीरिया व इराकी सेना के कई हथियारों पर कब्जा जमा चुके हैं। अगर सीरियन ऑब्जर्वेट्री फॉर ह्यूमन राइट्स की रिपोर्ट सही पाई जाती है तो यह पहली बार होगा जब इस्लामिक स्टेट के पास लड़ाकू विमान होंगे।

अब्दुल रहमान ने इस संबंध में कहा, “उनके पास प्रशिक्षक हैं। सद्दाम हुसैन के समय में इराकी सेना में रह चुके पायलट्स आतंकियों को ट्रेनिंग दे रहे हैं। अलेप्पो को कई लोगों ने मिलिट्री एयरबेस से लड़ाकू विमानों को उड़ान भरते देखा। उस बेस पर आतंकियों का कब्जा हो चुका है। वे एयरपोर्ट से कई बार उड़ान भर चुके हैं।” गौरतलब है कि यह जगह तुर्की बॉर्डर से करीब ७० किलोमीटर दूर है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आतंकियों के जेट्स को काफी कम ऊंचाई पर देखा गया। ये करीब १० मिनट तक आसमान में रहे। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं है कि विमानों में हथियार लगे हैं या नहीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ये सीरियाई सेना के MiG 21 या MiG 23 विमान हैं।

स्त्रोत :  दैनिक भास्कर

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *