
नई देहली : कुछ दिनों पहले भारत-पाक से शांति की अपील करने के बाद पाकिस्तान के क्रिकेटर शाहिद आफरीदी ने एक क्रिकेट शो में भारत को चेतावनी देते हुए कहा है कि, पाक की सीमा पर पठान तैनात हैं ।
उनसे इस शो में एक भारतीय वेब पोर्टल की रिपोर्ट पर टिप्पणी करने को कहा गया था । इसमें आफरीदी के पिछले बयान के आधार कहा गया था कि ‘आफरीदी भारतीय सेना से डर गए हैं ।’ इस पर आफरीदी ने कहा, ‘भारतीय पाकिस्तानी सेना की अग्रणी पंक्ति से अवगत नहीं हैं । इसमें पठान तैनात हैं । सारी सीमाओं की सुरक्षा पठान कर रहे हैं ।’
आपको बता दें कि, आफरीदी स्वयं एक पठान हैं । कुछ दिनों पहले ही आफरीदी ने एक ट्वीट में कहा था कि, दोनों पड़ोसियों (भारत और पाकिस्तान) को युद्ध लड़ने के बजाए शांति कायम करनी चाहिए । पूर्व पाक कप्तान ने कहा था, ‘पाकिस्तान शांति चाहने वाला देश है । जब बातचीत से मसले का हल निकल सकता है तो कड़े कदम क्यों उठाए जाएं ।’
उनका यह ट्वीट भारतीय सेना के पीओके में सर्जिकल अटैक के बाद आया था । इससे पहले भी आफरीदी कई बार विवादास्पद बयान दे चुके हैं ।
स्त्रोत : जागरण








