
मुंबई – महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि, राज्य में कॉरपोरेट सेक्टर में धर्म परिवर्तन से जुड़े मामलों के लिए कानूनों में जरूरी बदलाव के लिए एक समिति बनेगी।
कानूनों में बदलाव
इस समिति में महिला विधायकों को रखा जाएगा। मुख्यमंत्री एक कार्यक्रम के दौरान नासिक में टीसीएस दफ्तर में यौन उत्पीड़न और धर्म परिवर्तन से जुड़े एक सवाल पर जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि, यह घटना आंखें खोलने वाली थी। उन्होंने कहा कि कई मामलों में यह बात सामने आई है कि कॉरपोरेट कंपनियों में कानूनों को ठीक से लागू नहीं किया जा रहा। फडणवीस ने कहा कि, कॉरपोरेट सेक्टर में (यौन) उत्पीड़न और धर्म परिवर्तन के मामलों से निपटने के लिए मौजूदा कानूनों में जरूरी बदलाव और प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए दोनों सदनों की महिला सदस्यों की समिति बनाई जाएगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि टीसीएस ने इस मामले की जांच में पूरा सहयोग किया है और मामले में कंपनी की कोई भूमिका नहीं है।
स्पेनिश कंपनी के मामले में जांच का आदेश
मुख्यमंत्री ने पुणे जिले में एक स्पेनिश कंपनी में महिला कर्मी के कथित यौन उत्पीड़न मामले में भी जांच के आदेश दिए हैं। शिवसेना की विधान परिषद सदस्य मनीषा कयांडे ने मुख्यमंत्री को बताया कि पीड़ित महिला कर्मी ने जब उच्चाधिकारियों से शिकायत की तो उसे नौकरी से निकाल दिया गया। फडणवीस ने कहा कि एक वरिष्ठ अधिकारी 15 दिन के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपेंगे।
सोलापुर स्थित सरकारी आइटीआइ में मतांतरण की शिकायतों पर फडणवीस ने कहा कि तुरंत जांच के आदेश दिए जाएंगे और कार्रवाई होगी।
स्रोत : जागरण








