Menu Close

‘म्यूजिक कॉन्सर्ट’ में इसके आगे शराब की अनुमति नहीं – योगेश कदम, गृहराज्यमंत्री

‘सनबर्न’ की पृष्ठभूमि की जांच करने के गृहराज्यमंत्री के निर्देश !

गोरेगांव और वर्ली के ‘म्यूजिक कॉन्सर्ट’ में युवाओं की हुई दुर्भाग्यपूर्ण मौतों के उपरांत राज्य सरकार ने अब कडे कदम उठाए हैं । राज्य के गृहराज्यमंत्री योगेश कदम ने बताया, ‘गृह विभाग ने निर्णय लिया है कि राज्य में इसके आगे किसी भी ‘म्यूजिक कॉन्सर्ट’ को मद्य की अनुमति नहीं दी जाएगी ।’ इसके साथ ही विवादित ‘सनबर्न फेस्टिवल’ की संपूर्ण जानकारी और उनकी अब तक की पृष्ठभूमि की जांच करने के निर्देश भी उन्होंने अधिकारियों को दिए हैं । ‘नशा मुक्ति अभियान’ के श्री. सतीश सोनार ने कुछ दिन पूर्व ही गृहराज्यमंत्री योगेश कदम से भेंट कर इस गंभीर विषय पर चर्चा की और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की । इस भेंट के समय गृहराज्यमंत्री ने सरकार की नई नीति की जानकारी दी ।

उत्पाद शुल्क (एक्साइज) विभाग की पुरानी अनुमतियों पर रोक; नियम होंगे कडे

इससे पहले राज्य उत्पाद शुल्क विभाग की ओर से ऐसे संगीत महोत्सवों को मद्य बिक्री की अनुमति दी जाती थी, जिससे अनुचित घटनाएं घटती थीं; परंतु अब इसके आगे नियम अधिक कडे कर दिए गए हैं और ऐसे किसी भी कॉन्सर्ट में मद्य की अनुमति नहीं दी जाएगी, ऐसा गृहराज्यमंत्री कदम ने स्पष्ट किया ।

केवल नियम नहीं चाहिए, स्थायी प्रतिबंध लगाएं – नशा मुक्ति अभियान

गृहराज्यमंत्री ने नियम कडे करने का आश्वासन दिया होने पर भी, नशा मुक्ति अभियान के श्री. सतीश सोनार ने इस पर असंतोष व्यक्त किया । गोरेगांव के नेस्को और वर्ली के एन.एस.सी.आई. डोम में कुछ दिन पूर्व ही हुई युवाओं की मौतों का संदर्भ देते हुए श्री. सोनार ने गृहराज्यमंत्री से कहा, ‘‘केवल नियम कडे करने से काम नहीं चलेगा । गोवा से लेकर मुंबई तक युवाओं की मौत का कारण बने ‘सनबर्न’ का इतिहास अत्यंत काला (कलंकित) है । पैसों के बल पर युवाओं को व्यसन के दलदल में धकेलनेवाले इस फेस्टिवल पर महाराष्ट्र में स्थायी प्रतिबंध ही लगाया जाना चाहिए ।’’

पुलिस महानिदेशक और अधिकारियों को जांच के निर्देश !

श्री. सतीश सोनार की इस मांग को संज्ञान में लेते हुए गृहराज्यमंत्री योगेश कदम ने इस प्रकरण में तुरंत कदम उठाए । उन्होंने पुलिस महानिदेशक को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए । साथ ही उपस्थित गृह विभाग के अधिकारियों को ‘सनबर्न’ के आयोजकों के विषय में, उनके अब तक के कार्यक्रमों के विषय में और उनकी पृष्ठभूमि के विषय में अधिक विस्तृत जानकारी एकत्रित करने का आदेश दिया है ।

Latest News