Menu Close

गोवा का ‘मर्दनगढ’ और ‘हातकातरो खांब’ संरक्षित स्मारक घोषित : हिंदू जनजागृति समिति की ओर से सरकार का अभिनंदन

  • गोवा के हिंदुओं की कई वर्षों की मांग पूरी

  • ‘गढ-दुर्ग संवर्धन प्राधिकरण’ स्थापित करने की मांग

मर्दनगढ

पणजी – गोवा सरकार ने ‘गोवा प्राचीन स्मारक और पुरातत्व स्थल तथा अवशेष अधिनियम, 1978’ के अंतर्गत फोंडा स्थित ‘मर्दनगढ’ और ओल्ड गोवा स्थित ‘हातकातरो खांब’ इन ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और संवर्धन का सराहनीय निर्णय लिया है। हिंदू जनजागृति समिति इस विषय में गोवा सरकार का हृदय से अभिनंदन करती है। गोवा के हिंदुओं की कई वर्षों से चली आ रही मांग को सरकार ने पूरा किया है, ऐसी प्रतिक्रिया हिंदू जनजागृति समिति के समन्वयक श्री सत्यविजय नाईक ने दी।

हातकातरो खांब

श्री नाईक ने आगे कहा, ‘‘फोंडा का मर्दनगढ किला छत्रपति संभाजी महाराज द्वारा निर्मित गोवा का एकमात्र किला है। यह किला महाराज के शौर्य और पराक्रम का प्रतीक है। गोवा के सभी किलों तथा उनके इतिहास और संस्कृति का संरक्षण कर इस ऐतिहासिक धरोहर को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए ‘मर्दनगढ़ संवर्धन समिति’ ने पहल की है। हिंदू जनजागृति समिति भी इस समिति में सक्रिय रूप से सहभागी है। ‘मर्दनगढ संवर्धन समिति’ के अभियान को मिली यह एक महत्वपूर्ण सफलता है। धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज के बलिदान दिवस (18 मार्च) से पहले सरकार द्वारा की गई यह घोषणा उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।’’

हिंदू जनजागृति समिति के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री रमेश शिंदे ने भी गोवा सरकार का अभिनंदन करते हुए कहा कि, अत्याचारी पुर्तगाली शासकों द्वारा गोवा के हिंदुओं पर किए गए अमानवीय अत्याचारों का ‘हातकातरो खांब’ एकमात्र ऐतिहासिक साक्ष्य है। इस ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण हो, इसके लिए हिंदू जनजागृति समिति कई वर्षों से प्रयास कर रही थी। ‘हातकातरो खांब’ को संरक्षित स्मारक घोषित करने के लिए समिति ने सैकड़ों ज्ञापन दिए, अनेक आंदोलन किए और पत्रकार परिषदों का आयोजन किया। पिछले गोवा क्रांति दिवस पर इस स्थान पर गोवा मुक्ति संग्राम के शहीद क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर इस विषय की ओर सरकार, पुरातत्व विभाग और इतिहास प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया गया था। सरकार का यह निर्णय हिंदू जनजागृति समिति सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के संघर्ष की सफलता है।

सरकार से यह भी मांग की गई है कि, मर्दनगढ का इतिहास जल्द से जल्द अधिसूचित किया जाए। ‘हातकातरो खांब’ और ‘मर्दनगढ किला’ के इतिहास को दर्शाने वाले सूचना फलक वहां लगाए जाएं, इनका इतिहास पाठ्यपुस्तकों में शामिल किया जाए तथा गोवा में एक स्वतंत्र ‘गढ-दुर्ग संवर्धन प्राधिकरण’ स्थापित किया जाए, ऐसी मांग भी हिंदू जनजागृति समिति ने की है, ऐसा श्री नाईक ने कहा।

Latest News