Menu Close

महाराष्ट्र में फुटबॉल जिहाद का पर्दाफाश, अहिल्यानगर और यवतमाल में ATS की रेड

मुंबई: महाराष्ट्र में फुटबॉल खेलने वाले मुस्लिम बच्चों और युवकों को कट्टरपंथ की तरफ धकेलने की साजिश सामने आई है। आतंकवाद रोधी दल यानी कि ATS ने खुफिया सूचना के आधार पर रविवार को यवतमाल और अहिल्यानगर जिलों में छापेमारी की थी, जहां फुटबॉल क्लबों के जरिए युवाओं को कट्टर जिहादी बनाने की कोशिशें सामने आई हैं। इस छापेमारी के दौरान कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई। ATS के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में युवाओं को कट्टरपंथी बनाने की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।

दोनों जिलों में कुल 21 जगहों पर तलाशी

अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी अभियान आधी रात को शुरू हुआ और दोनों जिलों में कुल 21 जगहों पर तलाशी ली गई। यवतमाल जिले के पुसद और उमरखेड इलाकों में 14 ठिकानों पर छापेमारी हुई, जहां संदिग्धों के घरों और दफ्तरों से कई मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, CCTV फुटेज और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए। जांच में पता चला कि पुसद में बड़ी संख्या में मुस्लिम बच्चे फुटबॉल की तरफ आकर्षित हैं और यहां कई फुटबॉल क्लब चलते हैं। इन क्लबों के जरिए फुटबॉल प्रेमी युवकों को टारगेट किया जा रहा था और उन्हें रेडिकल बनाने की कोशिश हो रही थी। सूत्रों के मुताबिक, इनमें से कुछ लड़कों को रेडिकलाइजेशन के लिए महाराष्ट्र से बाहर भी भेजा गया था।

पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए संदिग्ध

अहिल्यानगर जिले में भी ATS ने 7 जगहों पर तलाशी ली, जहां संदिग्धों से आपत्तिजनक सामग्री मिली। कुल मिलाकर दर्जन भर से अधिक संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। ATS की टीम ने तलवारें, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए। छापेमारी में जब्त की गई CCTV फुटेज की जांच जारी है, जो इस साजिश के और राज खोल सकती है। अधिकारियों ने इस अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह आतंकवाद से जुड़ी गतिविधियों पर आधारित था। माना जा रहा है कि संदिग्धों से पूछताछ में और भी कई चौंकाने वाली जानकारी सामने आ सकती है।

Latest News