इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की घोषणा

रोम (इटली) – प्रत्येक कक्षा में विदेशी विद्यार्थियों की अधिकतम संख्या कानूनी रूप से निश्चित करने के लिए शीघ्र ही मंत्रिमंडल की बैठक में एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा । साथ ही, विद्यालय व्यवस्था में सम्मिलित होते समय गम्भीर कठिनाइयों का सामना कर रहे विदेशी विद्यार्थियों के माता-पिता के लिए इतालवी भाषा सीखना अनिवार्य किया जाएगा । इसके साथ ही विद्यालयों में बुर्का एवं नकाब पर प्रतिबन्ध लगाया जाएगा, ऐसी घोषणा इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने यहां एक कार्यक्रम में बोलते हुए की ।
परम्पराओं के नाम पर युवा लडकी स्वयं को छिपाकर नहीं रख सकती
मेलोनी ने कहा कि आपको खुले चेहरे के साथ विद्यालय जाना चाहिए एवं इटली में कोई भी व्यक्ति किसी वास्तविक अथवा तथाकथित परम्परा के नाम पर किसी युवा लडकी को स्वयं को ढककर रखने का निर्णय नहीं ले सकता ।
इटली में रहकर अपना भविष्य बनाने की इच्छा रखने वालों को यहां की भाषा सीखनी ही चाहिए
मेलोनी ने आगे स्पष्ट किया कि यदि कक्षा में केवल एक ही बच्चा ऐसा हो, जिसे इतालवी भाषा समझ में नहीं आती, तो वह बच्चा सहपाठियों एवं शिक्षकों की सहायता से वह भाषा शीघ्र सीख सकता है । वह शीघ्र ही सभी के साथ घुल-मिल सकता है । यदि भाषा न समझने वाले बच्चों की संख्या अधिक हो, तो यह एकीकरण नहीं रह जाता, अपितु यह उपेक्षा बन जाती है । जिसे भी इटली में अपना भविष्य बनाना है, उसे यह भाषा सीखनी चाहिए । हमारी संस्कृति को समझना चाहिए एवं हमारे नियमों का सम्मान करना चाहिए ।








