भारत के दक्षिण-पूर्व किनारे का महत्त्वपूर्ण तीर्थक्षेत्र – रामेश्वरम् !

सेतुबांध रामेश्वर माहात्म्य !

हिन्दू धर्मपरंपरा में रामेश्वरम् के दर्शन का विशेष महत्त्व है।

१. इतिहास

         दशग्रंथी ब्राह्मण रावण की हत्या के पश्चात अगस्त्य ऋषि ने प्रभु श्रीराम को ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष दशमी के मुहुर्त पर ब्रह्महत्या निरसनार्थ सागर किनारे शिवलिंग की स्थापना करने का आदेश दिया। उस कार्य हेतु शिव का दिव्य लिंग लाने के लिए मारुति कैलास पर्वत पर गए; किंतु शिव का दर्शन न होने के कारण उन्होंने तप आरंभ किया। कालांतर के पश्चात शिव ने प्रगट होकर हनुमंत को अपना दिव्य लिंग प्रदान किया। इस प्रक्रिया में विलंब होने से मारुति के लिए मुहुर्त पर उपस्थित होना संभव नहीं हो पाया। अतः उस समय सीता ने बालुकामय लिंग बनाया। ऋषियोंके आदेशानुसार राम ने उस लिंग की ही स्थापना की। यही रामेश्वर लिंग है। स्थानीय लोग उसे ‘रामनाथ स्वामी’ कहते हैं। लौटने के पश्चात मारुति को जब यह बात ज्ञात हुई कि श्रीराम ने लिंग स्थापित कर लिया है, तब उन्हें अत्यंत दुःख हुआ। अतः राम ने उन्हें स्थापित लिंग के निकट ही उनके द्वारा लाए गए लिंग की स्थापना करने को कहा। साथ ही यह भी कहा कि उनकेद्वारा स्थापित लिंग का दर्शन किए बिना यात्रियोंको रामेश्वर दर्शन का लाभ प्राप्त नहीं होगा। यह लिंग ‘काशीविश्वनाथ’ अथवा ‘हनुमदीश्वर’ नाम से विख्यात/जाना जाता है।

२. क्षेत्रमहिमा

२ अ. काशीयात्रा को पूर्णता प्रदान करनेवाला तीर्थस्थान !

उत्तर भारत में जो धार्मिक महत्त्व काशी का है, वही महत्त्व दक्षिण भारत में रामेश्वर का है। धर्मग्रंथ के अनुसार काशी की तीर्थयात्रा बंगाल के उपसागर(महोदधि) तथा हिन्द महासागर (रत्नाकर) के संगम पर स्थित धनुषकोडी में स्नान करने, तदनंतर काशी के गंगाजल से रामेश्वर को अभिषेक करने के पश्चात ही पूर्ण होती है।

२ आ. चारधाम यात्रा में से एक धाम !

रामेश्वरम्, यह हिन्दुओंकी पवित्र चारधाम यात्रा में से दक्षिणधाम है। हिन्दुओंकी जीवनयात्रा की पूर्णता बद्रीनाथ, द्वारका, पुरी तथा रामेश्वरम् इन चार धामोंकी यात्रा के पश्चात ही होती है।

२ इ. बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक ज्योतिर्लिंग !

रामेश्वरम्, यह तीर्थक्षेत्र भारतवर्ष के १२ प्रमुख ज्योतिर्लिंगों में से एक है।

३. मंदिर के विशेषतापूर्ण स्थान

३ अ. रामेश्वर (रामनाथस्वामी) : सीताद्वारा रेत से बनाया गया यह शिवलिंग मुख्य दर्शनस्थान है।

३ आ. विश्वनाथ (हनुमदीश्वर) : यह हनुमंत द्वारा लाया गया शिव का आत्मलिंग है।

३ इ. आत्मलिंगेश्वर : प्रभु श्रीराम के लिए पूजा हेतु आत्मलिंग की मांग करते समय हनुमंत ने शिव से स्वयं के लिए भी एक आत्मलिंग की मांग की। इस शिवलिंग को आत्मलिंगेश्वर के रूप में जाना जाता है।

३ ई. नंदीदेव : रामेश्वरलिंग के समक्ष ही मृण्मय (मिट्टी से बनाई) तथा श्वेतवर्णीय नंदीदेव की बडी प्रतिमा है। इस प्रतिमा की ऊंचाई २२ फीट तथा लंबाई १७ फीट है। उसके लिए मंदिर में ही एक मंडप है। इस नंदी की ऊंचाई, लंबाई तथा चौडाई में प्रतिदिन वृद्धि हो रही है। हाल ही में उस का मस्तक मंडप की छत तक जा पहुंचा है। १९७४ में इस नंदी की ऊंचाई १३ फीट तथा लंबाई ८ फीट थी।

३ उ. गरुडस्तंभ : नंदीदेव के निकट ही सुवर्णपत्र से आच्छादित गरुडस्तंभ है।

३ ऊ. आंजेयन मंदिर : यहां हनुमंत की १६ फीट लंबी स्वयंभू प्रतिमा है। उसके नीचे के ८ फीट का हिस्सा हिन्द महासागर में है तथा ऊपरवाले ८ फीट के हिस्से का दर्शन मंदिर में होता है। (मंदिर सागर किनारे पर होने के कारण मंदिर के नीचे के हिस्से में समुद्र का पानी है।)

३ ए. २२ तीर्थ : रामेश्वर के मंदिर में कुल मिलाकर २२ तीर्थ हैं। उनमें से ६ तीर्थ सब से बाहर की ओर अर्थात तीसरे दालान में हैं। इन सभी तीर्थों में स्नान करने के पश्चात ही रामेश्वर के पूजन, अर्चन तथा दर्शन प्राप्त करने की परंपरा है।

३ ऐ. रामकुंड, सीताकुंड तथा लक्ष्मणकुंड : ये कुंड मंदिर के बाहर हैं। इन कुंडोंपर यात्री स्नान, श्राद्धविधि इत्यादि धार्मिक कृत्य करते हैं।

४. यात्राविधि

         श्रद्धालु यात्री यहां के सर्व तीर्थों में क्रम से स्नान करते हैं। तत्पश्चात काशी से लाए गए गंगाजल से अभिषेक करते हैं। साथ ही रामेश्वरम् से बारह मील की दूरी पर विद्यमान सेतुबांध की बालू लेकर आते हैं तथा उस बालू को रामेश्वर मंदिर के बालुकामय माधव के निकट रखकर उसकी पूजा करते हैं। यह बालू प्रयाग के त्रिवेणीसंगम में विधिपूर्वक विसर्जित करने के पश्चात ही यह यात्रा पूर्ण होती है।

५. हिन्दू एकता साधनेवाला पुण्यस्थल !

५ अ. सांप्रदायिक एकता का प्रतीक !

         भारत के सर्व धर्मस्थलोंका शैव एवं वैष्णव संप्रदाय में विभाजन हुआ है। किंतु रामेश्वरम् इसका अपवाद है; क्यों कि रामेश्वरम् शैव एवं वैष्णव इन दोनों संप्रदायोंके लिए वंदनीय है। विष्णु का सातवां अवतार प्रत्यक्ष प्रभु श्रीरामद्वारा रामेश्वरम् की स्थापना करने के कारण यह स्थान शैवक्षेत्र होकर भी वैष्णवोंके लिए वंदनीय है। प्रभु श्रीरामद्वारा इसकी स्थापना करने के कारण इस शिवलिंग को ‘रामेश्वर’ कहते हैं।

५ आ. राष्ट्रीय एकता का प्रतीक !

         रामायण की कालावधि से आज तक रामेश्वरम् भारत की एकात्मता का प्रतीक दर्शानेवाला पुण्यस्थल है; क्यों कि काशी के विश्वेश्वर की यात्रा रामेश्वर दर्शन के बिना पूर्ण नहीं होती। इससे यह ध्यान में आता है कि हिन्दू धर्म में भारत को एक सूत्र में गूंथने की अद्भुत परंपरा है। इस परंपरा के कारण यहां बारह मास (निरंतर) यात्रियोंकी भीड रहती है तथा अनंत आपत्ति आने के पश्चात् भी सहस्रों वर्ष से आसेतुहिमाचल भारतवर्ष का एकात्म निभाए रखा है।

६. रामेश्वर मंदिर

६ अ. इतिहास

         इस मंदिर का निर्माण मुख्य रूप से रामनाड के (वर्तमान के रामनाथपुर के) सेतुपति राजघरानेद्वारा की गई है। सांप्रत के मंदिर का निर्माण कार्य वर्ष १४१४ में उदयन सेतुपति राजा ने लंका के अधिपति परराजशेखर की सहायता से किया तथा आगे साढेतीन सौ वर्ष सेतुपति कुल के राजपुरुषोंने ही उसका विस्तार कार्य किया। ईश्वर की प्रथम पूजा इसी राजघरानेद्वारा की जाती है। यहां के उपाध्याय महाराष्ट्रीय ब्राह्मण हैं।

६ आ. मंदिर के वास्तु की भव्यदिव्यता !

         यह मंदिर भव्य है। इस के विस्तार एवं भव्यता के संदर्भ में तुलना करनेवाला अन्य कोई भी मंदिर भारत में नहीं है। मंदिर का निर्माण कार्य द्रविड शिल्पपद्धति से किया गया है। मंदिर का क्षेत्रफल १५ एकड भूमि है। मंदिर का परिसर उत्तुंग दीवारोंसे घिरा हुआ है। इस परिसर की पूर्व-पश्चिम लंबाई ८२५ फीट तथा दक्षिणोत्तर चौडाई ६५७ फीट है। मंदिर के चारों ओर चार गोपुरं हैं। उनमेंसे पूर्वद्वार के गोपुरं में दस सीढियां हैं, तो पश्चिमद्वार के गोपुरं में सात सीढियां हैं। चारों गोपुरोंपर असंख्य मूर्तियां मुद्रित की गई हैं। अंदर मंदिर में तीन प्रशस्त दालान हैं। इन दालानोंका विभाजन भव्य स्तंभोंकी पंक्ति से किया गया है, इनकी ऊंचाई इतनी है कि जब ईश्वर की उत्सवमूर्ति की शोभायात्रा का हाथी अंबारी के साथ जाता है, तो छत के कलश-झूमर (झाड फानूस), दीपकोंको अंबारी इत्यादि किसी से भी धक्का नहीं लगता। प्रत्येक दालान की लंबाई ४०० फीट है, चौडाई १७ से २१ फीट है। इन दालानोंके निर्माण कार्य में उपयोग की गई अनेक शिलाएं चालीस-चालीस फीट लंबाई की हैं।’

– श्री. चेतन राजहंस, सनातन आश्रम, रामनाथी, गोवा

स्त्रोत : दैनिक सनातन प्रभात

JOIN